scorecardresearch
 

रसोई के प्लास्टिक डिब्बों में भूलकर भी न रखें ये 4 चीजें, है 'छत्तीस का आंकड़ा'! हो सकता है भारी नुकसान

आजकल हर रसोई में प्लास्टिक के डिब्बे रखे रहते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि गर्म खाना, खट्टी चीजें और कच्चा मांस इसमें रखना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है? अगर नहीं, तो जान लीजिए. दरअसल, प्लास्टिक में हानिकारक केमिकल्स होते हैं, जो खाने में जहर घोल सकते हैं.

Advertisement
X
अगर आप प्लास्टिंक के कंटेनर में गर्म खाना स्टोर करते हैं तो वो सेहत के लिए खराब होता है. (Photo: ITG)
अगर आप प्लास्टिंक के कंटेनर में गर्म खाना स्टोर करते हैं तो वो सेहत के लिए खराब होता है. (Photo: ITG)

आजकल सभी घरों की रसोई में रंग-बिरंगे प्लास्टिक के डिब्बे दिखने को मिल ही जाते हैं. फ्रिज से लेकर अलमारी तक में लोग बहुत सी चीजें स्टोर करते हैं. ऐसे में अगर हम कहें कि रसोई 'प्लास्टिक घर' बन गई है तो शायद गलत नहीं होगा. प्लास्टिक के ये रंग-बिरंगे डिब्बे देखने में बहुत सुंदर लगते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद इनका रंग बदलने लगता है. अगर आप गौर करें तो कभी-कभार उनमें से अजीब सी बदबू भी आने लगती है. क्या आपके घर में भी ऐसा होता है?

अगर हां, तो आपको इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए क्योंकि वो धीरे-धीरे आपकी सेहत के लिए जहर बन सकते हैं. प्लास्टिक कितना भी 'फूड ग्रेड' क्यों न हो, उसमें मौजूद केमिकल्स के कारण फिर भी आपकी पसंदीदा चीजों का स्वाद बिगड़ सकता है. साथ ही उन्हें जहरीला भी बना सकता है. अगर आप भी अपनी रसोई के हर सामान को आंख मूंदकर प्लास्टिक के डिब्बों में भर देते हैं, तो रुकिए! क्योंकि बहुत सी चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें प्लास्टिक के डिब्बों में कभी नहीं रखना चाहिए. आइए जानते हैं वे कौन सी चीजें हैं जिनका प्लास्टिक के साथ 'छत्तीस का आंकड़ा' है और जिन्हें कांच या स्टील के बर्तनों में शिफ्ट करना ही आपके लिए अच्छा होगा.

गर्म खाना: अगर आप भी गर्म खाना सीधे प्लास्टिक के डिब्बे में रख देते हैं, तो ये आपकी बहुत बड़ी गलती है. दरअसल, गर्म खाने से प्लास्टिक पिघलने या कमजोर होने की समस्या हो सकती है. जब प्लास्टिक पिघलती है तो उसमें मौजूद हानिकारक केमिकल खाने में मिल सकते हैं. ऐसे में गर्म खाना कभी भी प्लास्टिक के डिब्बों में नहीं रखना चाहिए.

खट्टे और मसालेदार फूड: गर्म खाने की तरह ही खट्टा और मसालेदार खाना भी प्लास्टिक के डिब्बों में नहीं रखना चाहिए. टमाटर की सब्जी या कढ़ी जैसी खाने की चीजें प्लास्टिक के साथ रिएक्ट कर सकती हैं. इससे खाने का स्वाद और क्वालिटी दोनों खराब हो सकती है और साथ ही डिब्बे पर दाग भी पड़ जाते हैं.

Advertisement

तेल और घी वाला खाना: चिकनाई वाले फूड्स प्लास्टिक में जल्दी बदबू छोड़ते हैं और कंटेनर को खराब कर देते हैं. इसके साथ ही, इनमें केमिकल्स के सोखने का खतरा भी बढ़ जाता, जो सेहत के लिए ठीक नहीं है.

कच्चा मांस और सीफूड: कच्चे मांस या मछली को प्लास्टिक में रखने से बैक्टीरिया फैलने का खतरा बढ़ जाता है. साथ ही, लीकेज होने के भी चांस रहते हैं. इसके लिए कांच या अच्छे एयरटाइट कंटेनर स्टोर करने के लिए बेहतर होते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement