अंडे प्रोटीन का सबसे सस्ता और हेल्दी सोर्स माने जाते हैं. नाश्ता हो या जिम डाइट, अंडे को सेहत का सुपरफूड माना जाता है तभी तो लोग अंडे को अलग-अलग रूप में अपनी डाइट में शामिल करते हैं. दुनिया में शायद ही कोई ऐसा कोना हो जहां अंडे की खपत न होती हो. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में वो कौन सा देश है जहां के लोग सबसे ज्यादा अंडे खाते हैं? तो आइए जानते हैं कि किस देश के लोग सबसे अधिक अंडे खाते हैं और इस लिस्ट में भारत कहां आता है.
रैबोबैंक की ग्लोबल एग इंडस्ट्री आउटलुक 2025 रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में अंडों की खपत के मामले में मैक्सिको और जापान सबसे आगे हैं. इस रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, इन देशों में प्रति व्यक्ति अंडों की खपत सालाना 300 अंडों से अधिक है. अगर हम वजन के हिसाब से अन्य डेटा सोर्स को देखें तो यह खपत लगभग 20 किलो से 24 किलो प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष के बीच बैठती है यानी कि इन देशों के लोग प्रति व्यक्ति 20 से 24 किलो अंडे हर साल खा लेते हैं.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दुनिया भर में अंडों की खपत में काफी भिन्नता पाई जाती है जहां अफ्रीका के कुछ हिस्सों में यह प्रति वर्ष केवल 50 अंडे है, वहीं विकसित और कुछ उभरते बाजारों में यह आंकड़ा 300 अंडे के ऊपर है.
भारत में अंडे की खपत की बात करें तो यहां अंडों की खपत ग्लोबल और विकसित देशों की तुलना में काफी कम है, लेकिन इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है. 2024-25 के आंकड़ों अनुसार, भारत में प्रति व्यक्ति अंडों की खपत लगभग 106 अंडे सालाना है. यह संख्या पिछले वर्षों के मुकाबले बढ़ी है जो पहले लगभग 101-103 अंडे थी.
लेकिन अभी भी अमेरिका जैसे देशों जहां खपत 250 अंडों से अधिक है और जापान या मैक्सिको जैसे देशों के मुकाबले जहां खपत 300 अंडे से अधिक है, उनसे काफी पीछे है.
भारत के अंदर भी क्षेत्रीय स्तर पर बहुत बड़ा अंतर है. उदाहरण के लिए आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में प्रति व्यक्ति खपत 500 अंडों से भी अधिक है जबकि उत्तर भारतीय और पहाड़ी राज्यों में यह औसत से काफी नीचे है.
अमेरिकी और यूरोपीय देशों में भी अंडों की भारी मांग रहती है. याहू फाइनेंस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका टॉप 10 देशों की लिस्ट में शामिल है, जहां लोग साल भर में औसतन 250 से 280 अंडे खाते हैं. रूस और ब्राजील जैसे देशों में भी प्रति व्यक्ति खपत काफी अधिक दर्ज की गई है. इन देशों में प्रोटीन के मुख्य सोर्स के रूप में अंडे को पहली पसंद माना जाता है.