Paneer Water Uses: घर पर पनीर बनाते समय ज्यादातर लोग पनीर निकालने के बाद बचे हुए पानी को बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पनीर का यह पानी आपकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है और घर के कई कामों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
पनीर का पानी, जिसे व्हे (Whey) भी कहा जाता है, प्रोटीन, कैल्शियम और कई जरूरी मिनरल्स से भरपूर होता है. अगर आप भी अब तक इस पानी को फेंकते आए हैं तो अगली बार ऐसा करने के बजाय इसका स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल करना न भूलें.
आटा गूंधने में करें इस्तेमाल
पनीर के पानी का सबसे आसान इस्तेमाल आटा गूंधने में किया जा सकता है. रोटी, पराठे या ब्रेड का आटा गूंथते समय नॉर्मल पानी की जगह इसका उपयोग करें. इससे आटा ज्यादा मुलायम बनता है और रोटियां लंबे समय तक सॉफ्ट रहती हैं. साथ ही रोटियां पहले से ज्यादा हेल्दी और टेस्टी बनती हैं.
सूप और करी में करें इस्तेमाल
पनीर के पानी का इस्तेमाल सूप, दाल और सब्जी की ग्रेवी बनाने में भी किया जा सकता है. नॉर्मल पानी डालने की बजाय इसमें पनीर का पानी मिलाएं. इससे खाने का स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं. खासकर टमाटर वाली ग्रेवी में यह हल्की क्रीमीनेस जोड़कर उसका स्वाद और भी बेहतर बना देता है.
स्मूदी और हेल्दी ड्रिंक में मिलाएं
अगर आप स्मूदी या प्रोटीन शेक पीना पसंद करते हैं तो पनीर के पानी को केले, आम, बेरीज या खजूर जैसे फलों के साथ ब्लेंड कर सकते हैं. इसमें ड्राई फ्रूट्स और सीड्स मिलाकर भी हेल्दी ड्रिंक तैयार की जा सकती है. ठंडा पनीर का पानी वर्कआउट के बाद पीने के लिए भी अच्छा माना जाता है. इसके लिए आप इसमें अपना प्रोटीन पाउडर मिलाकर आसानी से पी सकते हैं.
चावल और पास्ता पकाने में करें इस्तेमाल
पनीर के पानी का इस्तेमाल चावल, ओट्स, क्विनोआ या पास्ता पकाने में भी किया जा सकता है. नॉर्मल पानी की जगह इसे इस्तेमाल करने से खाने में हल्का स्वाद आता है और पोषण भी बढ़ जाता है. इससे बने चावल ज्यादा मुलायम और हल्के मीठे स्वाद वाले बनते हैं.
पौधों के लिए भी है फायदेमंद
पनीर का पानी पौधों के लिए भी उपयोगी हो सकता है. इसमें मौजूद मिनरल्स और पोषक तत्व पौधों की ग्रोथ में मदद करते हैं. आप इसे थोड़ा पानी मिलाकर मिट्टी में डाल सकते हैं. यह एक हल्के नेचुरल फर्टिलाइजर की तरह काम करता है.