बेंगलुरु में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक संयुक्त अभियान के बाद केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के ज़रिए काम करने वाले एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय सोने की तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और मुख्य सरगनाओं की पहचान करने तथा पूरे नेटवर्क को खत्म करने के प्रयास जारी हैं.
खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए DRI की बेंगलुरु ज़ोनल यूनिट के अधिकारियों ने हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 पर निगरानी बढ़ा दी. जिसके परिणामस्वरूप विदेशी नागरिकों और स्थानीय मददगारों से जुड़े एक नेटवर्क को पकड़ा गया. 6 और 7 अप्रैल को चलाए गए इस अभियान के परिणामस्वरूप पेस्ट के रूप में लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य का 3.356 किलोग्राम सोना ज़ब्त किया गया.
यह भी पढ़ें: एक फोन कॉल, चार वीडियो और धोखेबाजी... ऐसे खुला करोड़ों के किडनी रैकेट का काला राज, पढ़ें इनसाइड स्टोरी
एजेंसी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की बेंगलुरु ज़ोनल यूनिट के अधिकारियों ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (KIAL) के ज़रिए काम करने वाले एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय सोने की तस्करी के गिरोह का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है. अधिकारियों ने बताया कि तस्करी का सामान बड़ी चालाकी से कैप्सूल के आकार के पैकेटों के अंदर पेस्ट के रूप में छिपाया गया था.
शरीर पर छिपाया गया था सोना
जांच से पता चला कि विदेश से आने वाले तस्करों ने जानबूझकर बेंगलुरु को एक ट्रांज़िट पॉइंट (बीच का पड़ाव) के रूप में चुना और हवाई अड्डे परिसर के भीतर गुप्त रूप से सामान की अदला-बदली करने के लिए लंबे लेओवर (ठहरने के समय) का फ़ायदा उठाया.
बयान में कहा गया है, "सोने को शरीर पर छिपाया गया था और वॉशरूम व स्मोकिंग ज़ोन जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के अंदर पहले से तय कोडवर्ड प्रणाली का उपयोग करके स्थानांतरित किया गया था. ऐसा इसलिए किया गया था, ताकी सीमा शुल्क की जांच से बचा जा सके."
DRI ने कहा, "गिरोह ने हवाई अड्डे के सिस्टम में भी गहरी पैठ बना ली थी, जिसमें एक अंदरूनी व्यक्ति भी शामिल था. जिसने प्रतिबंधित क्षेत्रों तक अपनी अधिकृत पहुंच का दुरुपयोग करके तस्करी का सामान प्राप्त किया और उसे बाहर निकाला." इस अभियान से एन्क्रिप्टेड संचार प्लेटफ़ॉर्म के उपयोग का भी पता चला. जिसमें कोडित संदेश और अपने-आप मिट जाने वाली चैट की सुविधा थी.
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से एक व्यापक अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क की संलिप्तता का संकेत मिलता है. जिसमें विदेशी तस्कर ( बांग्लादेशी नागरिक होने का संदेह है) के शामिल हैं. जो घरेलू मददगारों और सहयोगियों के साथ मिलकर काम कर रहे थे. अधिकारियों ने कहा कि यह मामला तस्करी के ऑपरेशनों में बढ़ती कुशलता को दर्शाता है और उन्होंने दोहराया कि एजेंसी इस तरह के संगठित आर्थिक अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है.