बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में दर्दनाक हादसा हो गया. यहां सड़क हादसे में 26 साल की बैंक कर्मी की जान चली गई. पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 26 साल की युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी. यह हादसा एचडीएफसी होम लोन ऑफिस के सामने हुआ. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान योगेश्वरी के रूप में हुई है, जो प्राइवेट बैंक में कार्यरत थी. बताया जा रहा है कि वह लंच लाने के लिए ऑफिस से बाहर निकली थी. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने योगेश्वरी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई.
यहां देखें Video...
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवती को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन रात करीब 11:30 बजे युवती ने दम तोड़ दिया.
यह भी पढ़ें: 12वीं का छात्र, तेज रफ्तार कार, ब्रेक-एक्सेलरेटर में कन्फ्यूज... लखनऊ एक्सीडेंट की पूरी कहानी
घटना के बाद इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. बाइक की गति, चालक की स्थिति और अन्य तकनीकी जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके.