विदेश में काम करने को लेकर लोगों के मन में अक्सर एक सवाल रहता है कि आखिर वहां कमाई कितनी होती है और क्या उससे अच्छी जिंदगी जी पाना संभव है. इसी विषय पर न्यूजीलैंड में रहने वाले एक यूट्यूबर ने अपने वीडियो में वहां की सैलरी और खर्चों के बारे में विस्तार से जानकारी दी है. यूट्यूबर के मुताबिक, न्यूजीलैंड में ज्यादातर नौकरियां घंटे के हिसाब से वेतन (वेजेस) पर होती हैं. यानी कर्मचारियों को महीने की तय सैलरी के बजाय हर घंटे के हिसाब से पैसे मिलते हैं. यहां सरकार ने एक मिनिमम वेज तय किया हुआ है, जिससे कम किसी को भी भुगतान नहीं किया जा सकता.
न्यूजीलैंड में घंटे के हिसाब से मिलती है सैलरी
यूट्यूबर के अनुसार, न्यूजीलैंड में अभी न्यूनतम वेतन लगभग हर घंटे करीब 1020 रुपये के आसपास पड़ता है (भारतीय रुपये के हिसाब से). इसका मतलब यह है कि अगर किसी व्यक्ति के पास ज्यादा पढ़ाई या कोई खास स्कील नहीं भी है, तब भी उसे कम से कम इतना वेतन तो मिलेगा ही. यूट्यूबर का कहना है कि यहां तक कि अगर किसी को इंग्लिश भी ठीक से नहीं आती हो या उसके पास कोई डिग्री या ट्रेनिंग न हो, तब भी उसे न्यूनतम वेतन मिल जाता है. चाहे काम क्लीनिंग का हो, होटल का हो या किसी दुकान में काम करना हो, कर्मचारियों को तय न्यूनतम वेतन से कम पैसे नहीं दिए जा सकते.
न्यूनतम वेतन कितना है?
यूट्यूबर ने बताया कि जिन लोगों के पास अच्छी पढ़ाई या तकनीकी कौशल होता है, जैसे इंजीनियर, डॉक्टर या अन्य प्रोफेशनल, उनकी सैलरी इससे कहीं ज्यादा हो सकती है. इन पेशों में काम करने वाले लोगों को अनुभव और योग्यता के आधार पर ज्यादा वेतन मिलता है. हालांकि न्यूजीलैंड में खास बात यह है कि यहां छोटे-बड़े काम के बीच बहुत ज्यादा फर्क नहीं होता. यूट्यूबर ने बताया कि अगर कोई हफ्ते में सात दिन काम करता है, साथ ही रोज करीब 10 घंटे काम करता है, तो उसकी महीने की कमाई लगभग 1500 डॉलर तक पहुंच सकती है.भारतीय रुपये में देखें तो यह रकम करीब 70 हजार रुपये के आसपास बैठती है.
महीने में कितनी हो सकती है कमाई
यूट्यूबर के अनुसार, इस कमाई से न्यूजीलैंड में रहने वाले व्यक्ति का रोटी, कपड़ा और मकान जैसे बुनियादी खर्च आसानी से निकल सकता है. वीडियो में यह भी बताया गया कि न्यूजीलैंड में कई लोग अपनी कमाई से अच्छा खासा पैसा बचा भी लेते हैं. यूट्यूबर के मुताबिक, वहां रहने वाले कुछ लोग नियमित रूप से पैसे बचाकर महंगी कारें, जैसे Jaguar, तक खरीद लेते हैं. यूट्यूबर का कहना है कि न्यूजीलैंड में अगर कोई व्यक्ति ओवरटाइम करता है, यानी तय समय से ज्यादा काम करता है, तो उसकी कमाई काफी बढ़ सकती है. कुछ लोग अतिरिक्त घंटे काम करके महीने में 2 से 3 लाख रुपये तक भी कमा लेते हैं. खासकर वे लोग जो दो शिफ्ट में काम करते हैं या ज्यादा घंटे काम करने के लिए तैयार रहते हैं.