उत्तराखंड के सेलाकुई में मित्र पुलिस के जवान ने सड़क पर मौत के खतरे से जूझ रही एक नन्ही बिल्ली की जान बचाई. उन्होंने उसे दूध पिलाया और बाद में अपने घर ले जाकर नया आशियाना भी दिया. पुलिसकर्मी और बिल्ली के बीच प्यार भरे इस रिश्ते का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस मामले के वायरल वीडियो को देख सोशल मीडिया यूजर्स कह रहे हैं- यही है असली मित्र पुलिस. कहानी एक नन्ही सी बिल्ली की है. सड़क पर भूखी-प्यासी भटक रही थी. चारों तरफ तेज रफ्तार गाड़ियां थीं और हर गुजरते पल के साथ उसकी जान पर खतरा बढ़ता जा रहा था. तभी वहां मौजूद पुलिसकर्मी इरशाद की नजर उस पर पड़ी.
यहां देखें Video
वीडियो में दिखता है कि बिल्ली सड़क के बीचों-बीच फंसी हुई है. इरशाद तुरंत एक्टिव होते हैं और सामने से आ रही कार को रुकवाते हैं. गाड़ी रुकते ही डरी-सहमी बिल्ली निकलती है और सीधे अपने रक्षक के पैरों के पास पहुंच जाती है. यहीं से शुरू होती है एक ऐसी कहानी, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया.

बिल्ली को सुरक्षित जगह पहुंचाने के बाद इरशाद उसे अपने हाथों से दूध पिलाते हैं. कुछ ही देर में बिल्ली का डर कम होने लगता है. फिर दोनों के बीच ऐसा अपनापन दिखता है कि आसपास मौजूद लोग भी ठहरकर यह नजारा देखने लगते हैं.
यह भी पढ़ें: बचपन के दिन...स्कूल से लौटते बच्चे को मिली बारात, फिर जो हुआ वो दिल जीत लेगा
दिलचस्प बात यह रही कि बिल्ली अपने मददगार को छोड़ने को तैयार ही नहीं थी. वह बार-बार उनके पास आती, उनसे लिपटती और प्यार जताती दिखाई दी. जैसे अपनी भाषा में 'थैंक यू' कह रही हो. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई.

ड्यूटी खत्म होने के बाद भी इरशाद का मन नहीं माना. उन्हें लगा कि अगर बिल्ली को फिर सड़क पर छोड़ दिया गया तो उसकी जान दोबारा खतरे में पड़ सकती है. इसलिए उन्होंने उसे अपने साथ घर ले जाने का फैसला किया. अब यह नन्ही बिल्ली इरशाद के घर में सुरक्षित है. उसे खाना, छत और अपनापन- तीनों मिल गए हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर लोग पुलिसकर्मी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स लिख रहे हैं कि वर्दी सिर्फ कानून लागू करने के लिए नहीं होती, बल्कि इंसानियत की मिसाल पेश करने के लिए भी होती है.सेलाकुई के इस पुलिसकर्मी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हीरो वही नहीं होता जो बड़ी-बड़ी लड़ाइयां जीतता है, बल्कि वह भी होता है जो किसी बेजुबान की जान बचाने के लिए वक्त पर आगे आ जाए.