दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे एनएच-72ए पर ‘यह सड़क मुसलमान के लिए नहीं है’ लिखे जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की.
बेहटगढ़ पुलिस के मुताबिक यह लिखावट हाईवे के किनारे हिंदी में की गई थी. वहीं उसी मार्ग पर बने एलिवेटेड आयरन ब्रिज की रेलिंग पर इसका अंग्रेजी अनुवाद ‘This road is not allowed for Muslims’ स्प्रे पेंट से लिखा गया था. यह इलाका बेहटगढ़ थाना क्षेत्र में आता है.
एनएच-72ए पर आपत्तिजनक ग्रैफिटी
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सागर जैन ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) के तहत अज्ञात हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. यह धारा सार्वजनिक शरारत और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने वाले बयान से जुड़ी है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में दो युवतियां एलिवेटेड हिस्से की रेलिंग पर स्प्रे पेंट से लिखती नजर आ रही हैं. वीडियो में उत्तराखंड नंबर प्लेट वाली एक कार भी दिखाई दे रही है. पुलिस का कहना है कि वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है. फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है.