हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस की पिटाई से उनकी बेटी की मौत के मामले में राजनीति तेज होती जा रही है. घटना पर अखिलेश यादव ने पुलिस को हत्यारा बताया है साथ ही घटना को प्रायोजित हत्या कहा है. इस पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश बौखला हुए हैं. कोई पुलिसवाला अगर गलत करेगा तो उसके ऊपर कार्रवाई होगी. डिप्टी सीएम ने वाराणसी में बीजेपी के एक कार्यक्रम में शिरकत करने के दौरान मीडिया से बातचीत में यह टिप्पणी की. मालूम हो मामले में एसएचओ को सस्पेंड कर दिया गया है. एसएचओ सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मियों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है.

मौत की जांच पूरी होने पर करेंगे कार्रवाई
पुलिस की पिटाई से लड़की की मौत के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि आरोप संज्ञान में है. इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच हो रही है. जो भी रिपोर्ट आएगी उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. बहरहाल संबंधित थाने के इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है.
कोर्ट के आदेश पर दबिश देने गई थी पुलिस
कन्हैया पर पहले से अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और गुंडा एक्ट की कार्रवाई करते हुए उसे पूर्व में जिला बदर किया गया था. साथ ही साथ उसके ऊपर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई थी. कोर्ट ने कन्हैया यादव के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया था इसलिए पुलिस उसकी तलाश में दबिश देने गई थी.
'मौत को आत्महत्या बनाने पर तुली पुलिस'
कन्हैया यादव और उनके परिजनों का आरोप है कि दबिश के दौरान घर पर निशा और गुंजा नाम की दो बहनें ही मौजूद थीं. पुलिस ने दबिश देने के दौरान पूछताछ के नाम पर दो बहनों के साथ मारपीट की. इससे बचने के लिए बड़ी बहन निशा पहली मंजिल पर चली गई. उसके पीछे महिला और पुलिस कांस्टेबल भी गए और उसके साथ मारपीट की. परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान निशा की मौत हो गई और पुलिसकर्मियों ने उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. इसके बाद पुलिसकर्मी वहां से फरार हो गए.