हैदराबाद में ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आने के बाद यह प्रकरण और अधिक चर्चा में आ गया है. रेड्डी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि यह आत्महत्या की कोशिश थी या किसी अन्य कारण से उनकी तबीयत बिगड़ी.
सूत्रों के अनुसार रेड्डी रविवार शाम शहर में अपने एक दोस्त के घर गए थे, जहां उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पी लिया. इस घटना से कुछ दिन पहले ही एक महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने उनके खिलाफ हैदराबाद पुलिस में गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी. महिला अधिकारी ने आरोप लगाया है कि रेड्डी ने उसका पीछा किया, मारपीट की, आपराधिक धमकी दी, उसकी मर्जी के बिना निजी वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि रेड्डी ने व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजे, सार्वजनिक रूप से अपमानित किया और जबरन उसका मोबाइल फोन लेकर निजी चैट देखीं. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि एक घटना के दौरान रेड्डी ने उसके बाल खींचे, गला घोंटने की कोशिश की, चाकू दिखाकर धमकाया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया. हालांकि कृष्णा ने सभी आरोपों को गलत बताया है. साथ ही उन्होंने कहा कि महिला जबरन कमरे में घुस आती थी और जबरदस्ती करती थी.
रेड्डी ने सभी आरोपों को किया खारिज
शिकायत के आधार पर हैदराबाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, अस्पताल में भर्ती होने से पहले लिखे गए एक कथित नोट में उदय कृष्णा रेड्डी ने सभी आरोपों को अलग अंदाज में पेश किया है. उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता महिला के साथ उनका सहमति से प्रेम संबंध था.
रेड्डी का कहना है कि महिला की शादी के बाद भी वह उनके साथ करीबी रिश्ता बनाए रखने पर जोर दे रही थी. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है और मामले की सभी परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है. दो पेज के सुसाइड नोट में रेड्डी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया. उन्होंने दावा किया कि महिला उनके मना करने के बावजूद ज़बरदस्ती उनके कमरे में आई थी और आरोप लगाया कि महिला की शादी के बाद भी उनके बीच शारीरिक और भावनात्मक संबंध बने रहे.
जबरन कमरे में घुस आती थी महिला, बिना अनुमति करती थी किस
कृष्णा रेड्डी ने नोट में लिखा कि मैं उदय कृष्ण रेड्डी और (महिला) जून 2025 से रिलेशनशिप में थे. उसकी शादी के बाद भी हमारा शारीरिक और भावनात्मक रिश्ता बना रहा. वह खुद मेरे कमरे में आती थी. कई बार उसने खुद चैट करके कमरा खोलने के लिए बोला था. मैंने सबूत के तौर पर उन्हें अपने फ़ोन में रिकॉर्ड किया है. मैंने सिर्फ़ बचाव में उस पर प्रतिक्रिया दी, इसका वीडियो सबूत मौजूद है.
उन्होंने आगे लिखा कि 9 जुलाई 2016 को वह खुद मेरे कमरे में आई और शारीरिक संबंध के लिए फोर्स किया. उसने बिना किसी सहमति के मुझे किस किया और गले लगाया. इसलिए मैंने सबूत के तौर पर इसे रिकॉर्ड किया और उसके पति (नाम) को भेज दिया, क्योंकि मैंने उसे पहले ही कई बार कहा था कि वह मेरे कमरे में न आए.
महिला अधिकारी ने दोस्तों के उकसावे में दर्ज कराई FIR
IPS ट्रेनी ने आगे लिखा कि बाद में महिला ने सब कुछ घुमा-फिराकर पेश किया और आरोप लगाया कि उसने उसके साथ मारपीट की, जो उनके अनुसार सच नहीं है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसके दोस्तों के उकसाने के बाद यह शिकायत दर्ज कराई गई और उन्होंने महिला, उसके पति और दो अन्य लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने कहा कि आरोपों की जांच चल रही है और इकट्ठा किए गए सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रेड्डी अभी भी अस्पताल में निगरानी में हैं. सूत्रों के मुताबिक सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी के अधिकारी भी अस्पताल गए और घटना के बारे में जानकारी लेने और उनकी मेडिकल स्थिति का पता लगाने के लिए इलाज कर रहे डॉक्टरों से मिले.