scorecardresearch
 

पुरोहित ने पाक आतंकियों की मदद ली: मलिक

पाकिस्तान के आतंरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने आरोप लगाया है कि दोनों देशों के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस में 2007 में हुए बम विस्फोटों से कथित तौर पर जुड़े भारतीय सेना के एक अधिकारी ने हमला करने के लिए पाकिस्तान के एक आतंकवादी की सेवाएं ली थीं.

Advertisement
X

पाकिस्तान के आतंरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने आरोप लगाया है कि दोनों देशों के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस में 2007 में हुए बम विस्फोटों से कथित तौर पर जुड़े भारतीय सेना के एक अधिकारी ने हमला करने के लिए पाकिस्तान के एक आतंकवादी की सेवाएं ली थीं.

मलिक पिछले कई समय से इस बात पर जोर दे रहे हैं कि मुंबई आतंक निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे की नवंबर 2008 में शहर पर हुए आतंकी हमलों के दौरान मौत का 2006 के मालेगांव बम विस्फोटों में कर्नल एस के पुरोहित की भूमिका की जांच से कोई तार जुड़ा हुआ है. एक सरकारी कार्यक्रम से इतर शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में मलिक ने कहा, ‘‘कर्नल पुरोहित की जांच करकरे कर रहे थे जो मुंबई हमले में मारे गये और इससे साफ पता चलता है कि पाकिस्तान के कुछ इस्लामी आतंकवादी समझौता एक्सप्रेस हमले में शामिल थे.’’

मलिक ने आरोप लगाया, ‘‘उनकी (इस्लामी आतंकवादी) सेवाएं किराये पर ली गयी और उसका इस्तेमाल समझौता एक्सप्रेस (हमले) में किया गया.’’ मलिक ने इस बारे में कुछ और नहीं कहा और यह भी नहीं बताया कि वह किस आधार पर यह आरोप लगा रहे हैं.

उन्होंने दावा किया कि भारत ने पाकिस्तान द्वारा बार बार किये गये इन अनुरोधों पर कोई जवाब नहीं दिया कि उसे समझौता एक्सप्रेस हमले की जांच की जानकारी उपलब्ध करायी जाये जिसमें करीब 70 लोग मारे गये थे. मृतकों में अधिकतर पाकिस्तानी थे. मलिक ने कहा, ‘‘हमने भारत से यही डोसियर मुहैया कराने को कहा है तथा भारत हमें मुहैया नहीं करा रहा है.’’ उन्होंने भारतीय अधिकारियों को यह साबित करने की चेतावनी दी कि पुरोहित और ट्रेन बम विस्फोट की घटना में कोई संबंध नहीं है.

Advertisement
Advertisement