प्रसिद्ध ज्योतिषी बेजन दारूवाला का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया. वह गुजरात के गांधीनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे. कोरोना वायरस के प्राथमिक लक्षण के बाद उनका इलाज चल रहा था. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने उनके निधन पर दुख जताया है.
विजय रूपाणी ने ट्वीट किया कि प्रसिद्ध ज्योतिषी बेजन दारूवाला के निधन से दुखी हूं. मैं दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करता हूं. मेरी संवेदना. बेजन दारूवाला का जन्म 11 जुलाई 1931 को मुंबई में हुआ था. अपनी सटीक भविष्यवाणी का नमूना कई बार पेश करने वाले बेजन दारूवाला पारसी परिवार से ताल्लुक रखते थे.
बेजन दारूवाला से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि उनकी मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई है. लेकिन उनके बेटे ने इस बात से इनकार किया है. दारूवाला के बेटे ने कहा है कि उनकी मौत निमोनिया से हुई है. जबकि आजतक के पास अहमदाबाद नगर निगम की 22 मई की वह सूची है जिसमें बेजन दारूवाला का का नाम भी शामिल था.
ये भी पढ़ें-
Saddened by the demise of renowned Astrologer Shri Bejan Daruwalla. I pray for the departed soul. My condolences. Om Shanti...
— Vijay Rupani (@vijayrupanibjp)
बेजन दारूवाला की कई भविष्यवाणी लोगों को आज भी याद है. संजय गांधी की मौत की भविष्यवाणी भी बेजान दारूवाला ने ही की थी. इसके अलावा राजनीति से जुड़ी कई सटीक भविष्यवाणियों के लिए उनका जिक्र किया जाता है. भारतीय जनता पार्टी के उद्भव की भविष्यवाणी भी बेजन दारूवाला ने ही की थी.
ये भी पढ़ें-
इसके अलावा करगिल से लेकर गुजरात भूकंप जैसी कई भविष्यवाणियां भी दारूवाला ने ही की थीं. साल 2004 में कांग्रेस के सत्ता में आने से पहले ही दारूवाला ने बता दिया था कि मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री बनेंगे. बेजन दारूवाला ने 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर भी भविष्यवाणी की थी.
उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि जीत का सेहरा एनडीए के सिर सजने वाला है. उन्होंने नरेंद्र मोदी की जीत की भविष्यवाणी की थी. बेजन दारूवाला बॉलीवुड सेलेब्स के बीच सबसे मशहूर ज्योतिषियों में से एक थे.