चेन्नई में ब्रॉडवे क्षेत्र में बुधवार को एक शख्स की भीड़ द्वारा पीट-पीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. 30 साल का कलैसेल्वन अपने दोस्त के साथ ऑटो रिक्शा में जा रहा था, तभी कथित तौर पर वह नशे की हालत में एक महिला पर पेशाब कर दिया.
इसके चलते महिला और आरोपी के बीच बहस शुरू हो गई. थोड़ी ही देर में पास के लोग इकट्ठा हो गए और भीड़ ने गुस्से में कलैसेल्वन पर हमला कर दिया. हमला इतना हिंसक था कि वह जमीन पर बेहोश हो गया.
दोस्त और अन्य गवाहों से पूछताछ जारी
घायल युवक को तुरंत स्टेनली गवर्नमेंट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कह रही है.
दोषियों की पहचान के लिए कड़ी जांच शुरू
पुलिस ने कहा कि वे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि दोषियों की पहचान की जा सके. इसके अलावा आरोपी के दोस्त और अन्य उपस्थित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि मामले में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.