भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नया उम्मीदवार घोषित कर दिया है. पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है. इससे पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया था.
उनके नाम वापस लेने के बाद बीजेपी ने तुरंत उम्मीदवार बदलने का फैसला किया. अब नीरज कुमार सिन्हा बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी से चुनाव लड़ेंगे. पार्टी की ओर से नए उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही इस सीट पर चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.
कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?
1 जुलाई 1994 को पटना जन्मे नीरज कुमार सिन्हा अभी 32 साल के हैं और उन्होंने स्नातक (बी.ए.) तक शिक्षा प्राप्त की है. साल 2006 में भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता लेकर उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी. संगठन में उन्होंने बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं.
वर्तमान में वह लगातार दूसरी बार नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष हैं. उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि भी मजबूत रही है. उनके चाचा स्वर्गीय नरेंद्र भारती जनसंघ के सक्रिय कार्यकर्ता थे और उनकी स्मृति में ही मंडल का नाम नरेंद्र भारती मंडल रखा गया है.