पंजाब की सियासत में अपनी निष्ठा पर उठ रहे सवालों के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने एक भावुक और आक्रामक वीडियो संदेश जारी किया है. करीब 3 मिनट के इस वीडियो के जरिए राघव ने उन तमाम आरोपों का जवाब दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने संसद में पंजाब के मुद्दों पर चुप्पी साधे रखी.
चड्ढा ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, "मेरे उन साथियों के लिए जिन्हें यह कहने को मजबूर किया गया कि राघव पंजाब के मुद्दे उठाने में विफल रहे, यह एक छोटा सा ट्रेलर है... पिक्चर अभी बाकी है."
वीडियो में राघव चड्ढा ने पंजाब को केवल एक राजनीतिक मुद्दा मानने से इनकार करते हुए कहा कि पंजाब उनका घर, उनका कर्तव्य और उनकी रूह है.
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से आप के कई नेताओं ने राघव पर आरोप लगाए थे कि वे राज्यसभा में पंजाब के किसानों और राज्य की समस्याओं को नहीं उठाते. यहां तक कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद 'कम्प्रोमाइज्ड' (समझौतावादी) तक कह दिया था.
यह भी पढ़ें: 'राघव चड्ढा को शीशमहल में मुर्गा बनाकर पीटा गया था', हरियाणा AAP के पूर्व अध्यक्ष नवीन जयहिंद का दावा
पंजाब से जुड़े मुद्दों का वीडियो
अब राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो जारी किया है, उसमें उन्होंने संसद में उठाए गए पंजाब से जुड़े मुद्दों के वीडियो क्लिप साझा किए हैं. वीडियो में राघव ने वो अंश दिखाए हैं जिनमें वो किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों के कर्ज और बढ़ती लागत, पराली प्रबंधन के लिए केंद्र से आर्थिक सहायता, पंजाब में गिरते भूजल स्तर, एयर पॉल्यूशन, कैंसर मरीजों के इलाज के लिए भटिंडा-बीकानेर ट्रेन, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की कमी, धार्मिक स्थलों के लिए कॉरिडोर, और पंजाब के रुके हुए फंड जैसे मुद्दे उठा रहे हैं.
वीडियो में राघव चड्ढा संसद में अपने भाषण के अंश दिखाते हुए कहते हैं कि पंजाब ने दशकों तक देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ बनकर काम किया है, इसलिए आज देश को पंजाब के साथ खड़ा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि पंजाब किसी से चैरिटी नहीं मांग रहा, बल्कि अपना हक मांग रहा है.
यह भी पढ़ें: योगेंद्र यादव से राघव चड्ढा तक... केजरीवाल के 'वफादारों' के AAP से दूर होने की Inside Story
पार्टी के अंदर चल रही खींचतान और चुनाव से पहले की रणनीति के बीच इस वीडियो को अहम माना जा रहा है. यह वीडियो पंजाब की राजनीति में आने वाले दिनों में नई बहस और सियासी बयानबाजी को और तेज कर सकता है.