
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर और हिमाचल प्रदेश से लेकर कोलकाता तक मौसम ने अचानक करवट ली है. मंगलवार सुबह ठंडी हवा के साथ हुई बारिश से दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि शिमला समेत हिमाचल प्रदेश में बारिश-ओलावृष्टि से मौसम खुशगवार हो गया है तो वहीं, कोलकाता में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण आईपीएल का मैच भी रद्द करना पड़ा.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले दो दिनों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवाएं और बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है. सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पूरे दिन छाए रहेंगे बदल
विभाग का कहना है कि बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम 20 डिग्री तक गिरने की उम्मीद है. 9 अप्रैल को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. इसके बाद 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ होने की संभावना है, जिससे तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. फिलहाल बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर होने वाली बारिश से लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
हिमाचल में भी बारिश-ओलावृष्टि
दूसरी ओर सोमवार को हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर बारिश हुई. कसौली में सबसे ज्यादा 31.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा धर्मपुर में 29.8 मिमी, सराहन में 29.5 मिमी, जुब्बरहट्टी में 25.8 मिमी, जोगिंदरनगर में 24 मिमी और शिमला में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई है.

मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में मंगलवार-बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि इन इलाकों में ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इसके अलावा चंबा और सिरमौर में भी बुधवार को इसी तरह के मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. उना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव के कारण 6 से 9 अप्रैल तक वेट स्पेल (Wet Spell) जारी रहेगा.

कोलकाता में भी भारी बारिश
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कोलकाता और आसपास के इलाकों में भी हुई बारिश से मौसम खुशगवार हो गया है. पिछले दिनों की तेज गर्मी के बाद बादल छाने और हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है. सोमवार को खराब मौसम के कारण कोलकाता में KKR बनाम PBKS का IPL मैच रद्द करना पड़ा.

बारिश से बर्बाद हुई फसल
पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर, हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत के कई इलाकों में हुई अचानक बारिश और ओलावृष्टि ने फसलों को बर्बाद कर दिया है. बेमौसम बारिश से खेतों में पानी भर गया है, जिसससे गेहूं, सरसों, जौ और सब्जियों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है. किसान संगठनों ने सरकार से तुरंत फसल बीमा क्लेम की प्रक्रिया तेज करने और मुआवजे की मांग की है.