तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री थलपति विजय के काफिले की आवाजाही को लेकर चेन्नई की सड़कों पर आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ईस्ट कोस्ट रोड (ECR) पर लगने वाले ट्रैफिक जाम और पुलिस के बैरिकेड्स की वजह से लोग परेशान हैं. सोशल मीडिया पर इसे लेकर गुस्साए एक नागरिक का गुस्सा फूटा है.
दरअसल, मुख्यमंत्री विजय का घर ईसीआर क्षेत्र के नीलांकरई और पनयूर इलाके में स्थित है. जब भी उनका काफिला घर से निकलता है या वापस लौटता है, तो सुरक्षा कारणों से रास्तों को ब्लॉक कर दिया जाता है.
ऐसे में एक नाराज नागरिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी आपबीती शेयर की है. उसने बताया कि सुरक्षा के नाम पर सड़कों को पूरी तरह बंद किया जा रहा है.
पुलिस पर भड़का नेटिजन
सोशल मीडिया पोस्ट में व्यक्ति ने सीधे तौर पर चेन्नई ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है. नेटिजन ने लिखा, 'पांडियन सालाई को बंद कर दिया गया है. ईसीआर से पेरुंगुडी लिंक रोड पर पहले बैरिकेड्स लगाए गए और फिर उन्हें हटाया गया. अगर ऐसा ही चलता रहा, तो OMR और ECR के बीच आवाजाही का कोई रास्ता ही नहीं बचेगा.'
नेटिजन ने पुलिस पर तंज कसते हुए आगे लिखा, 'मैं समझता हूं कि वो (विजय) आपके नए मालिक हैं, लेकिन चाटुकारिता की भी हद होती है. वो जनता की वजह से ही मुख्यमंत्री बने हैं.'
'गैर-जरूरी तैनाती थी'
नेटिजन ने दूसरे पोस्ट में लिखा, 'मैं सचमुच हर रोज OMR और ECR के बीच सफ़र करता हूं. OMR पेरुंगुडी लिंक रोड पर बैरिकेड लगा था. उस सिग्नल से ये फ्री लेफ्ट है. शुक्र है कि जैसे ही मैं मुड़ रहा था, बैरिकेड हटा दिया गया. मैं हर रोज उस रास्ते से सफर करता हूं. पूरी जगह पर पुलिस सिक्योरिटी और मौजूदगी थी. सिर्फ CM के काफिले के गुजरने के लिए ये पूरी तरह से गैर-जरूरी तैनाती थी.'