अमेरिका की प्रतिष्ठित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में 14-15 फरवरी 2026 को ‘हार्वर्ड इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026’ का आयोजन किया गया. यह छात्रों द्वारा आयोजित कार्यक्रम भारत से जुड़े कई तरह के महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा का मंच था. इस साल के कॉन्फ्रेंस 2026 का विषय था, "द इंडिया वी इमैजिन" यानी "वह भारत जिसकी हम कल्पना करते हैं". इस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कांग्रेस सांसद शशि थरूर और अभिनेत्री, प्रोड्यूसर और UNICEF गुडविल एंबेसडर प्रियंका चोपड़ा को वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की गई जिसमें दोनों के नाम साथ में दिखाए गए थे, जिससे लोगों को यह उम्मीद हुई कि वे दोनों एक ही मंच पर एक साथ उपस्थित होंगे. लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं हुआ.
शशि थरूर और प्रियंका चोपड़ा ने अलग-अलग सत्रों में भाग लिया. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शशि थरूर ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “But not together, alas!” यानी “अफसोस, साथ में नहीं!”.
यह भी पढ़ें: 'ब्रेक ठीक नहीं हो पाया तो हॉर्न की आवाज बढ़ा दी', शशि थरूर का बजट पर तंज
उनकी यह छोटी लेकिन विटी स्टाइल ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई और यूजर्स ने इसे खूब पसंद किया. कई ने मजाकिया कमेंट किए, कोई आयोजकों की गलती पर तंज कसा तो किसी ने प्रियंका के पति निक जोनास का हल्का-फुल्का मजाक उड़ाया. इस पोस्ट के साथ मीम्स की बाढ़ आ गई और यह तेजी से वायरल हो गया.
शशि थरूर ने कॉन्फ्रेंस की भी सराहना की और कहा कि युवाओं में भारत के प्रति जो जोश और ऊर्जा देखी गई, वह बेहद उत्साहवर्धक है. थरूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा, "जोश और देशभक्ति से भरे युवा प्रतिभागियों के सामने हमारे देश के भविष्य के प्रति उनकी गहरी दिलचस्पी ने मुझे प्रेरित किया. छात्र आयोजकों को भी मेरी बधाई, जिन्होंने इस कार्यक्रम को बहुत ही शानदार तरीके से संचालित किया."