जम्मू-कश्मीर के व्यापारियों और फल उत्पादकों के लिए खुशखबरी है. नॉर्दर्न रेलवे अब दिल्ली और कश्मीर के बीच नियमित पार्सल ट्रेन चलाने जा रहा है. यह ट्रेन 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगी. जम्मू डिवीजन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, अदर्श नगर (नई दिल्ली) और बड़गाम (मध्य कश्मीर) के बीच जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस (JPP-RCS) ट्रेन चलाई जाएगी. यह सर्विस 31 मई तक ट्रायल के तौर पर चलेगी. अगर अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा तो इसे स्थायी रूप से चलाया जाएगा.
आइए जानते हैं इस पार्सल ट्रेन का टाइम शेड्यूल
ट्रेन नंबर 00462 बड़गाम से सुबह 6:15 बजे चलेगी. जो अगले दिन सुबह 5 बजे अदर्श नगर (दिल्ली) पहुंचेगी. रास्ते में ये ट्रेन बारी ब्राह्मणा और अंबाला कैंट स्टेशन पर रुकेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 00461 अदर्श नगर से सुबह 5 बजे चलेगी. जो अगले दिन सुबह 10:45 बजे बड़गाम पहुंचेगी.
यह स्पेशल पार्सल ट्रेन 8 पार्सल वैन और 1 सीटिंग-कम-लगेज रेक वाली होगी. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह ट्रेन सड़क परिवहन से ज्यादा तेज है. पूरा सफर सिर्फ 23-24 घंटे में पूरा हो जाएगा. ऐसे में सेब, चेरी जैसी जल्द खराब होने वाले फल ताजे रहेंगे. इससे कश्मीर के फल उत्पादक, केसर, अखरोट, पश्मीना शॉल और हस्तशिल्प व्यापारी काफी फायदा उठा सकेंगे.
नॉर्दर्न रेलवे का कहना है कि इस पार्सल ट्रेन का मकसद जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और स्थानीय उत्पादों को देश भर के बाजारों तक जल्दी पहुंचाना है.सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने कहा कि व्यापारियों और किसानों की लगातार मांग के बाद 17 अप्रैल से 31 मई तक यह ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है.