scorecardresearch
 

NewsWrap: पढ़ें शनिवार सुबह की 5 बड़ी खबरें

गंगा और यमुना समेत कई नदियों में आई बाढ़ से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. महाराष्ट्र सरकार ने अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के लिए वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने को जरूरी कर दिया है.

Advertisement
X
बाढ़ ने देश के कई शहरों में मचाई तबाही
बाढ़ ने देश के कई शहरों में मचाई तबाही

देशभर में बाढ़ तबाही मचा रही है. यूपी के 24 जिले इस समय बाढ़ से जूझ रहे हैं. गंगा और यमुना समेत कई नदियों में आई बाढ़ से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. महाराष्ट्र सरकार ने अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के लिए वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने को जरूरी कर दिया है. शिया बोर्ड ने यूपी सरकार से मुहर्रम पर स्पष्ट गाइडलाइन जारी करने की मांग की है. अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने तालिबान के बढ़ते वर्चस्व के बीच साफ किया है कि वे इस्तीफा नहीं देंगे. 

1- बाढ़ की चपेट में यूपी के 24 जिले, पटना से पलायन, महाराष्ट्र में हजारों घरों को नुकसान

देश के कई राज्यों में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है. उत्तर प्रदेश के 24 जिले इस वक्त बाढ़ (Flood) की चपेट में हैं. गंगा, यमुना समेत कई नदियां उफान पर हैं, जिसकी मार शहरों पर पड़ रही है. संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों ही नदियों के पानी ने कहर बरपा रखा है. कई इलाके पूरी तरह से पानी में डूबे हैं. जिसकी वजह से हजारों लोग बाढ़ की चपेट में फंसे हैं. 

2- महाराष्ट्र में एंट्री के लिए दोनों डोज जरूरी, RTPCR रिपोर्ट नहीं तो 14 दिन रहना होगा क्वारंटीन

महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना के बीच बाहर से आ रहे यात्रियों पर बड़ा फैसला लिया है. अब राज्य में अगर कोई भी यात्री एंट्री लेगा तो उन्हें कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवाना जरूरी रहेगा. उन्हें बतौर सबूत वैक्सीन सर्टिफिकेट भी साथ रखना होगा. वहीं अगर वैक्सीन नहीं लगी होगी तो निगेटिव आरटी पीसीआर रिपोर्ट दिखाना जरूरी रहेगा. अगर इन नियमों का पालन नहीं हुआ तो बाहर से आ रहे यात्रियों को महाराष्ट्र में 14 दिन के लिए क्वारंटीन होना पड़ेगा.

Advertisement

3- मुहर्रम पर साफ नहीं यूपी सरकार का रुख, शिया बोर्ड की मांग- स्पष्ट हो गाइडलाइन

तमाम कोशिशों के बाद भी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मुहर्रम को लेकर गाइडलाइन साफ तौर पर जारी नहीं की गई है. यही वजह है कि कई जगहों पर पुलिस प्रशासन और शिया समुदाय के बीच टकराव की स्थिति देखने को मिल रही है. शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ने शुक्रवार को कहा कि उनके पास उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से शिकायतें आ रही हैं, जिनमें पुलिस प्रशासन मजलिस मातम का आयोजन करने वाले शिया समुदाय के लोगों को तंग कर रहा है. ऐसे में सरकार स्पष्ट निर्देश जारी करे.

4- अफगानिस्तान के राष्ट्रपति ने दिखाए तेवर, कहा- तालिबान के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे

अफगान के ज्यादातर हिस्सों पर तालिबान ने कब्जा जमा लिया है और काबुल से महज 90 किलोमीटर दूर है. तालिबान से चल रही जंग के बीच खबरें आ रही थीं कि अफगान के राष्ट्रपति अशरफ गनी अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, लेकिन अफगान सरकार ने डट कर मुकाबला करना तय किया है. सूत्रों ने बताया है कि गनी इस्तीफा नहीं देंगे. राष्ट्रपति गनी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर एक अहम बैठक की, जिसमें तालिबान से मजबूती से लड़ने का फैसला लिया गया.

Advertisement

5- 15 अगस्त के दिन नोएडा से दिल्ली में कॉमर्शियल गाड़ियों की 'नो एंट्री'

दिल्ली में 15 अगस्त की तैयारियों और सुरक्षा के इंतजामों को लेकर पुलिस अलर्ट पर है. ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली में गाड़ियों की एंट्री को लेकर एडवाइजरी जारी की है. 14 अगस्त की रात 11 बजे से नोए़डा से दिल्ली में किसी भी तरह के मालवाहक और कॉमर्शियल वाहनों की एंट्री नहीं होगी. भारी, मध्यम और हल्के सभी तरह के वाहनों को एंट्री नहीं दी जाएगी. 15 अगस्त के कार्यक्रम की समाप्ति तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा. सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने यह फैसला किया है.

 

Advertisement
Advertisement