बजट सत्र के पहले हाफ में चेयर पर कागज के टुकड़े फेंके जाने के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के आठ सांसदों को शेष सत्र के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया था. दूसरे हाफ की शुरुआत से ही विपक्षी दलों के नेता लगभग हर रोज यह मुद्दा सदन में उठाते आ रहे हैं. सोमवार को भी कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में इन सांसदों के निलंबन का मुद्दा उठाया था. अब खबर है कि इन सांसदों का निलंबन समाप्त हो सकता है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक लोकसभा स्पीकर ओम बिरला आठ विपक्षी सांसदों का शेष सत्र के लिए निलंबन समाप्त करने की विपक्षी मांग पर सहमत हो गए हैं. स्पीकर इसका ऐलान 17 मार्च को प्रश्नकाल की कार्यवाही के बाद दोपहर 12 बजे सदन में कर सकते हैं. इस बात पर सोमवार की शाम स्पीकर ओम बिरला की ओर से बुलाई गई सभी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में बन गई है.
जानकारी के मुताबिक स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स से यह आग्रह भी किया कि वे सदन में प्ले कार्ड्स लेकर न आएं. स्पीकर के इस आग्रह पर विपक्षी दलों के नेताओं ने भी अपनी सहमति दे दी है. इससे पहले, प्रश्नकाल के बाद लोकसभा में भी कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने आठ सांसदों के निलंबन का मुद्दा उठाया था.
यह भी पढ़ें: 'ज्यादा लोग शादियां करेंगे...', इनकम टैक्स पर बोलते-बोलते राज्यसभा में ऐसा क्यों बोले राघव चड्ढा
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल को टोकते हुए स्पीकर ने यह व्यवस्था दी थी कि सदन के फैसले पर सदन में चर्चा नहीं की जा सकती. स्पीकर की ओर से शाम 4.30 बजे से बुलाई गई सभी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में भी विपक्षी दलों ने यह मुद्दा उठाया. विपक्षी नेताओं ने स्पीकर से यह आग्रह किया कि आठ सांसदों का निलंबन समाप्त किया जाए.
यह भी पढ़ें: 'किसान सम्मान निधि 2019 में 6 हजार, 2026 में भी...', RJD सांसद ने राज्यसभा में की ये डिमांड
गौरतलब है कि बजट सत्र के पहले हाफ में हंगामे के दौरान विपक्षी सांसदों ने चेयर पर कागज फाड़कर फेंके थे. तब चेयर पर डिप्टी स्पीकर पैनल के कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी थे. बाद में ट्रेजरी बेंच की ओर से आठ सांसदों को शेष सत्र से निलंबित करने का प्रस्ताव आया, जिसे सदन ने हंगामे के बीच ही ध्वनिमत से पारित कर दिया था.
यह भी पढ़ें: 'मां शाकुंभरी के नाम पर...', लोकसभा में सहारनपुर स्टेशन का नाम बदलने की डिमांड
लोकसभा में जब विपक्षी सांसदों ने निलंबन का प्रस्ताव पारित हुआ था, तब चेयर पर दिलीप सैकिया थे. दिलीप सैकिया पर भी विपक्षी सदस्यों ने कागज फाड़कर उसके टुकड़े फेंके थे. बता दें कि निलंबित सांसदों की लिस्ट में कांग्रेस के मनिक्कम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी के साथ ही लेफ्ट के एस. वेंकटेशन के नाम शामिल हैं.