scorecardresearch
 

पुलिस ने घटनास्थल से जब्त किया ब्लूटूथ हेडफोन, पूछताछ में आरोपी के मोबाइल से हुआ कनेक्ट... लेडी डॉक्टर से दरिंदगी केस की ऐसे सुलझी गुत्थी

चौकी के अधिकारी का फोन आने के बाद संजय तुरंत जांच में सहयोग करने के लिए अस्पताल वापस चला गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान एक डिटेक्टिव ऑफिसर ने पूछताछ के दौरान सभी संदिग्धों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए. उसने उन मोबाइल फोन को घटनास्थल से बरामद किए गए जब्त ब्लूटूथ हेडफोन से कनेक्ट करने की कोशिश की और अचानक संजय रॉय का मोबाइल फोन जब्त ब्लूटूथ हेडफोन से अपने आप कनेक्ट हो गया.

Advertisement
X
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर की हत्या का केस पुलिस ने ऐसे सुलझाया था Image: PTI)
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर की हत्या का केस पुलिस ने ऐसे सुलझाया था Image: PTI)

ऐसा कहा जाता है कि जब कोई अपराधी अपराध करता है, तो वह घटनास्थल पर कुछ सुराग जरूर छोड़ता है और जासूस उसी सुराग के आधार पर अपराधी की पहचान करते हैं. कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से दरिंदगी और हत्या के मामले में भी कोलकाता पुलिस ने इसी तरीके से रातों-रात अपराधी की पहचान कर ली. 

पुलिस सूत्रों का दावा है कि ट्रेनी डॉक्टर हत्याकांड की जांच के दौरान एक ब्लूटूथ हेडफोन की मदद से पुलिस हत्यारे तक पहुंची. महिला डॉक्टर की हत्या के बाद आरोपी ने अपना ब्लूटूथ हेडफोन घटनास्थल पर ही छोड़ दिया. जांच के दौरान कोलकाता पुलिस के जासूसों ने सभी संदिग्धों की सूची तैयार की. 

पुलिस ने अस्पताल परिसर के कई CCTV फुटेज की जांच के बाद संदिग्धों की सूची बनाई. उस समय पुलिस को तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक बीटी हेडफोन बरामद हुआ था. सभी संदिग्धों को कल शाम आरजी कर अस्पताल बुलाया गया. गिरफ्तार आरोपी संजय CCTV फुटेज में आरजी कर मेडिकल क़ॉलेज के सेमिनार हॉल के आसपास घूमता हुआ दिखाई दिया, जहां हत्या हुई थी. उसे सुबह-सुबह अस्पताल से निकलते हुए भी देखा गया, जिसके बाद अस्पताल में मौजूद पुलिस चौकी के अधिकारियों ने संजय से पूछताछ की. 

Advertisement

ऐसे पकड़ा गया आरोपी

चौकी के अधिकारी का फोन आने के बाद संजय तुरंत जांच में सहयोग करने के लिए अस्पताल वापस चला गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान एक डिटेक्टिव ऑफिसर ने पूछताछ के दौरान सभी संदिग्धों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए. उसने उन मोबाइल फोन को घटनास्थल से बरामद किए गए जब्त ब्लूटूथ हेडफोन से कनेक्ट करने की कोशिश की और अचानक संजय रॉय का मोबाइल फोन जब्त ब्लूटूथ हेडफोन से अपने आप कनेक्ट हो गया. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उससे पूछताछ शुरू की और लंबी पूछताछ के बाद संजय रॉय टूट गया और उसने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली. 

कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की रिमांड पर भेजा

बता दें कि लेडी डॉक्टर से दरिंदगी और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट ने 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. BNS की धारा 64 (बलात्कार) और 103 (हत्या) के तहत आरोपी को गिरफ्तारी के बाद सियालदह अदालत में पेश किया गया. कोर्ट ने पूछताछ के लिए 23 अगस्त तक यानी 14 दिन की पुलिस रिमांड के लिए अभियोजन पक्ष की मांग को स्वीकार कर लिया. 

IMA ने की घटना की निंदा

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि देश का पूरा मेडिकल समुदाय आज कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर से दरिंदगी और हत्या से स्तब्ध है. यह जघन्य अपराध मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल पर स्थित सेमिनार हॉल के अंदर किया गया है. यह मानने के कई कारण हैं कि हत्या से पहले उसके साथ रेप किया गया था. यह अपराध परिसर में व्याप्त अराजकता और असुरक्षा का सूचक है. इस घटना पर IMA ने शोक व्यक्त किया है.

Advertisement

IMA ने इस घटना की निंदा की. साथ ही कहा कि अगर शिक्षा के गढ़ में सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती है, तो यह प्रशासन की अक्षमता को ही दर्शाता है. भारत का पूरा चिकित्सा समुदाय शोकाकुल परिवार और उसके सहकर्मियों के साथ खड़ा है. कुछ समय पहले केरल के एक अस्पताल में एक और युवा रेजिडेंट महिला डॉक्टर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी. ये बेहद परेशान करने वाला है. अस्पताल और परिसरों के अंदर डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अधिकारियों का काम है.

IMA ने की ये मांगें

1. मामले की निष्पक्ष और गहन जांच हो और दोषियों को सज़ा मिले.
 2. अपराध को बढ़ावा देने वाली परिस्थितियों की विस्तृत जांच हो.
 3. कार्यस्थल पर डॉक्टरों, खास तौर पर महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं. आईएमए ने कहा कि हम मांग करते हैं कि अधिकारी 48 घंटे के भीतर और सटीकता से काम करें, अन्यथा IMA को राष्ट्रव्यापी कार्रवाई शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा. 

वहीं, बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल लेडी डॉक्टर के घर पहुंचा. जहां भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने मृतका के परिजनों से मुलाकात की. 

---- समाप्त ----
(इनपुट- अनिर्बान)
Live TV

Advertisement
Advertisement