केरल के कथिरूर इलाके में एक बीजेपी कार्यकर्ता के घर पर विस्फोटक फेंके जाने की घटना सामने आई है. घटना के वक्त घर के सदस्य वहीं मौजूद थे. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों की तलाश जारी है.
रविवार रात को कथिरूर के पास 'कोंकची' में रहने वाली बीजेपी कार्यकर्ता मजीषा पथायाकुन्नू के घर पर धमाका हुआ. दर्ज की गई FIR के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:50 बजे दो अज्ञात व्यक्ति मजीषा के घर के पास पहुंचे. उन्होंने पहले मजीषा को अपशब्द कहे और गाली-गलौज की.
अज्ञात हमलावरों ने मजीषा के घर पर एक विस्फोटक फेंका, जो एक जोरदार धमाके के साथ फट गया. कथिरूर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि मजीषा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने के लिए सुराग जुटा रही है. धमाके की तीव्रता और इस्तेमाल किए गए पदार्थ का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है. टीम इस बात की जांच कर रही है कि फेंका गया विस्फोटक कोई पटाखा था या फिर कोई देसी बम था.
विधानसभा चुनाव से पहले धमाका
बता दें कि केरल में विधानसभा चुनाव हैं और सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में जुटे हैं. इस बीच, बीजेपी कार्यकर्ता के घर पर हुए इस धमाके ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. केरल में 9 अप्रैल को मतदान होना है और 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी.