भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में एक दिलचस्प घटना कि जिक्र किया. उन्होंने बताया कि कैसे इंडिया टुडे मैगज़ीन के 'न्यूज़मेकर्स ऑफ द ईयर 2025' संस्करण का कवर, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ नजर आ रहे थे, खुद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर शेयर किया था.
इस घटना के बारे में बताते हुए गोर ने कहा कि इस साल की शुरुआत में एक मीटिंग का इंतज़ार करते समय उनकी नजर सबसे पहले इस मैगजीन के कवर पर पड़ी थी. कवर पर ट्रंप और मोदी की तस्वीर के साथ "द मूवर एंड द शेकर" (The Mover & The Shaker) हेडलाइन दी गई थी, जिसने तुरंत उनका ध्यान खींच लिया.
यह भी पढ़ें: एक साथ प्रगति और व्यवधान... आधुनिक समय के विरोधाभास पर इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में बोले अरुण पुरी
सर्जियो गोर ने बताया, "जब मैं मुंबई में आरबीआई (RBI) के गवर्नर से मिलने का इंतज़ार कर रहा था, तब मेरी नजर उस कवर पर पड़ी और मुझे वह काफी प्रभावशाली लगा. " उन्होंने बताया कि उन्होंने तुरंत उस कवर की एक तस्वीर ली और उसे अमेरिकी राष्ट्रपति को भेज दिया, मुझे यह अंदाजा नहीं था कि राष्ट्रपति उस पूरे कवर को पूरी दुनिया के सामने पेश कर देंगे, वरना मैं और भी अच्छी फोटो खींचता.
राजदूत गोर के अनुसार, जैसे ही ट्रंप ने उस कवर को 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट किया, भारत के कई अन्य मीडिया संस्थानों ने भी उन्हें अपनी पत्रिकाओं के कवर भेजने शुरू कर दिए. बता दें कि फरवरी में ट्रंप ने इंडिया टुडे मैगजीन के "न्यूज़मेकर्स ऑफ द ईयर 2025" संस्करण का कवर 'ट्रुथ सोशल' पर साझा किया था. इस कवर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर के साथ हेडलाइन थी- "द मूवर एंड द शेकर" (THE MOVER & THE SHAKER). ट्रंप की उस पोस्ट में कोई कैप्शन या स्पष्टीकरण नहीं था, जिसने इसके अर्थ को लेकर दुनिया भर में चर्चा और अटकलें शुरू कर दी थीं.
यह भी पढ़ें: India Today Conclave 2026: भारत-US के बीच समझौता 'विन-विन डील', रूसी तेल पर भी बोले सर्जियो गोर
यह पोस्ट ठीक उस समय आई थी, जब ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के संपन्न होने की घोषणा की थी. ट्रुथ सोशल पर साझा किए गए इस कवर के साथ कोई संदेश नहीं लिखा था, जिसके कारण विश्लेषकों ने इसे आधिकारिक घोषणा से पहले एक बड़े संकेत के रूप में देखा.
इंडिया टुडे का वह कवर जिसे ट्रंप ने ऑनलाइन पोस्ट किया था, वह किसी आधिकारिक प्रचार या योजनाबद्ध संचार का हिस्सा नहीं था. इसके बजाय, यह राजदूत सर्जियो गोर के माध्यम से एक बेहद अनौपचारिक और आकस्मिक क्षण में उन तक पहुंचा था. राजदूत गोर ने बाद में 26 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 'एट होम' समारोह के दौरान इंडिया टुडे ग्रुप के एडिटोरियल डायरेक्टर (पब्लिशिंग) राज चेंगप्पा से मुलाकात के दौरान फिर से इस कवर का ज़िक्र किया. बातचीत में गोर ने चेंगप्पा को बताया कि उन्हें वह कवर इतना पसंद आया कि उन्होंने उसकी फोटो खींचकर राष्ट्रपति को भेज दी थी.
राजदूत ने यह भी स्वीकार किया कि उनके द्वारा भेजी गई फोटो की क्वालिटी बहुत अच्छी नहीं थी. गोर ने मुस्कुराते हुए कहा, "अगर मुझे पता होता, तो मैं इसकी बेहतर तस्वीर लेता, इतनी मुड़ी-तुड़ी नहीं". उन्होंने यह भी बताया कि राज चेंगप्पा ने बाद में उन्हें पत्रिका की नई प्रतियां भेजीं.
गोर ने अंत में कहा, "मैं इसके लिए आपका आभारी हूं कि आपने हाल ही में मुझे इसकी कुछ बिल्कुल नई प्रतियां भेजी हैं. वे प्रतियां अब डाक के ज़रिए व्हाइट हाउस भेजी जा रही हैं."
यह भी पढ़ें: 'जंग से किसी का फायदा नहीं...', इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में बोले जॉर्डन के राजदूत यूसुफ अब्दुल गनी