संसद परिसर के शार्दुल द्वार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद आपस में बातचीत कर रहे थे. उनके साथ कुछ अन्य नेता भी मौजूद थे. बातचीत के दौरान खड़गे यह कहते सुनाई देते हैं कि हैदराबादी परेशानी को यूपी में घुसने मत दो, वो हमें खत्म करके जाएगा. इस बयान से राजनीतिक गलियारों में सियासी हलचल बढ़ गई है.
हैदराबाद का जिक्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की व्याख्याएं की जा रही हैं. इस बयान को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि वीडियो में यह साफ़ नहीं है कि यह टिप्पणी किसके संदर्भ में की गई थी.
इस पूरे मामले पर इमरान मसूद ने सफाई दी है. उनके अनुसार, खड़गे अक्सर बातचीत के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में मजाक करते रहते हैं. उन्होंने कहा कि उस समय भी माहौल अनौपचारिक था और मजाक में बातें हो रही थीं.
यह भी पढ़ें: 'ये मत कहिएगा नियमों का उल्लंघन किया...', राज्यसभा में क्यों बोले खड़गे, भड़के सभापति
मसूद ने यह भी कहा कि हैदराबाद को लेकर “बिरयानी, शेरवानी और परेशानी” जैसी बातें मजाकिया अंदाज में कही गई थीं और इसे गंभीर राजनीतिक बयान की तरह पेश करना सही नहीं है.
सहारनपुर के सांसद मुताबिक, सोशल मीडिया पर इस वीडियो को संदर्भ से हटाकर फैलाया जा रहा है और इसे अनावश्यक विवाद का रूप दिया जा रहा है.
वहीं दूसरी ओर एआईएमआईएम आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर यूपी में अपनी पार्टी को मज़बूत करने में जुटी है. लोकसभा चुनाव 2024 में एआईएमआईएम ने अच्छा प्रदर्शन किया था और इसी प्रदर्शन को वह अब अगले विधानसभा में दोहराना चाहती है.
यूपी, बिहार, महाराष्ट्र या तेलंगाना हो सभी राज्यों में एआईएमआईएम अपना तेजी से विस्तार कर रही है. कई पार्टियों को चिंता है कि एआईएमआईएम की मज़बूत होने से मुस्लिम वोटों का बंटवारा हो जाएगा.