scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 20 अप्रैल 2026 की शाम की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

भारतीय जहाजों को नई एडवाइज़री दी गई है कि वे फारस की खाड़ी में फंसे रहकर लारक द्वीप के पास न जाएं. वहीं, मुंबई इंडियंस टीम के लिए राहत की खबर है कि रोहित शर्मा और मिचेल सैंटनर फिट हो गए हैं.

Advertisement
X
14 भारतीय जहाज अब भी फंसे (Photo:Screengrab)
14 भारतीय जहाज अब भी फंसे (Photo:Screengrab)

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारतीय जहाजों पर गोलीबारी होने के बाद इंडियन नेवी ने नई एडवाइजरी जारी की. वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली दूसरे दौर की शांति वार्ता से पहले शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. इन खबरों के अलावा, मुंबई इंडियंस के लिए राहत की खबर है कि रोहित शर्मा और मिचेल सैंटनर फिट हो गए हैं. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें. 

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारतीय जहाजों के लिए एडवाइजरी जारी, लारक द्वीप से दूर रहें

18 अप्रैल को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरानी गार्ड्स ने दो भारतीय जहाजों पर गोली चलाई. इसके बाद भारतीय नौसेना ने तुरंत एक्शन लिया और होर्मुज के पास सुरक्षा का जाल और मज़बूत किया. अब भारतीय जहाजों को नई एडवाइज़री दी गई है कि वे फारस की खाड़ी में फंसे रहकर लारक द्वीप के पास न जाएं. अभी 14 भारतीय जहाज फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं.  

आज 71 हजार करोड़ स्‍वाहा... शेयर बाजार में बदला गेम, अब आगे क्‍या?

अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली दूसरे दौर की शांति वार्ता से पहले शेयर बाज़ार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सोमवार को कारोबार बंद होने तक सेंसेक्‍स 26.7 अंक या 0.03 फीसदी की मामूली तेजी के साथ 78,520.30 और निफ्टी 11.30 अंक या 0.05 फीसदी की तेजी के साथ 24,364.85 पर बंद हुआ. BSE के टॉप 30 शेयरों में से 18 शेयरों में गिरावट रही.

Advertisement

गुजरात के खिलाफ मैच से पहले MI को मिली गुड न्यूज, रोहित शर्मा की फिटनेस पर आया ये अपडेट

IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर फिट हो गए. रोहित शर्मा आरसीबी के खिलाफ मैच में हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी और इसके बाद उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला भी मिस किया था. मौजूदा सीज़न में मुंबई की टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे चल रही है.

अजित डोभाल पहुंचे सऊदी अरब, रियाद में मंत्रियों से क्या हुई बात?

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल रविवार को एक दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रियाद पहुंचे. इस दौरान अजित डोभाल ने ऊर्जा, सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के मुद्दों पर सऊदी अरब के शीर्ष नेतृत्व के साथ कई बैठकें कीं.  इस दौरे का उद्देश्य भारत-सऊदी अरब के रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना माना जा रहा है.

जापान में 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी को लेकर अलर्ट

जापान के उत्तरी हिस्से में सोमवार को ज़ोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.4 रही. भूकंप के बाद जापान के मौसम विभाग ने सुनामी की आशंका जताते हुए तटीय इलाकों रहने वाले लोगों से तुरंत इलाका खाली करने की अपील की है. जापान की पीएम ने आपात स्थिति से निपटने के लिए एक आपातकालीन टास्क फोर्स का गठन किया है.

Advertisement

IPL रोमांच के बीच प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे विराट-अनुष्का, VIDEO वायरल

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अक्षय तृतीया पर वृंदावन के केली कुंज आश्रम पहुंचे और संत प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया. वहां वो प्रेमानंद महाराज के प्रवचन में बैठे नज़र आए, जहां आम लोग भी बैठे थे. इस दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. विराट और अनुष्का पहले भी कई बार इस आश्रम में नज़र आ चुके हैं.

राजस्थान: बालोतरा रिफाइनरी में लगी भायनक आग, पीएम मोदी के उद्घाटन करने से एक दिन पहले हादसा

राजस्थान में बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई. रिफाइनरी की CDU यानी क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में आग लगी और धुएं के बड़े-बड़े गुबार आसमान में उठने लगे. यह आग उस वक्त लगी जब कल यानी 21 अप्रैल को PM मोदी इसी रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले हैं. एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करवा दिया गया.

नॉर्थ इंडिया में प्रचंड गर्मी! दिल्ली-पंजाब समेत इन राज्यों में लू से नहीं राहत, 5 दिन हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड में अगले पांच दिन हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान इन राज्यों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिलती रहेंगी.

Advertisement

सर्राफा बाजार में तेजी, चांदी 1200 रुपये महंगी, सोने का भी बढ़ा भाव, देखें आज का रेट

20 अप्रैल को भारतीय सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई. ibjarates.com के मुताबिक, 22 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत ₹1 लाख 40 हजार के करीब पहुंच गई. वहीं, 24 कैरेट गोल्ड का रेट ₹1 लाख 52 हज़ार के पार है. चांदी का रेट भी ₹2 लाख 51 हजार प्रति किलो के पार पहुंच गया है. जो शुक्रवार को बाज़ार बंद होने के समय ₹249940 था.

एयरटेल ने यूजर्स को दिया बड़ा झटका, महंगे हो गए रिचार्ज प्लान्स, पुराने बेनिफिट्स के लिए अब लगेंगे ज्यादा पैसे

देश की बड़ी टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने अपने प्रीपेड प्लान्स की कीमत बढ़ा दी है. खास बात यह है कि यह बदलाव अचानक हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, एयरटेल ने अपने 84 दिन वाले पॉपुलर प्लान में बदलाव किया है. पहले यह प्लान 859 रुपये में आता था, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़ाकर 899 रुपये कर दी गई है. वहीं, कंपनी ने 799 रुपये वाला प्लान हटा दिया है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement