आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 16 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: गुजरात विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी को ध्वनि मत से विधानसभा का नया डिप्टी स्पीकर चुना गया. वहीं, राजस्थान हाईकोर्ट में बहुचर्चित कांकाणी हिरण शिकार मामले से जुड़ी अपीलों पर जस्टिस बलजिंदर सिंह संधू की बेंच ने सुनवाई से इनकार कर दिया है. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.
गुजरात विधानसभा के नए डिप्टी स्पीकर बने पूर्णेश मोदी, कांग्रेस का BJP पर परंपरा तोड़ने का आरोप
गुजरात विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी को ध्वनि मत से विधानसभा का नया डिप्टी स्पीकर चुना गया. भाजपा के पास पूर्ण बहुमत होने के चलते पार्टी के उम्मीदवार पूर्णेश मोदी का निर्वाचन निर्विरोध रहा. चुनाव प्रक्रिया की घोषणा होते ही आम आदमी पार्टी ने मतदान का बहिष्कार कर दिया.
सलमान से जुड़े काला हिरण केस की सुनवाई से जज ने किया इनकार, अब नई बेंच करेगी फैसला
राजस्थान हाईकोर्ट में बहुचर्चित कांकाणी हिरण शिकार मामले से जुड़ी अपीलों पर जस्टिस बलजिंदर सिंह संधू की बेंच ने सुनवाई से इनकार कर दिया है. कोर्ट ने मामला पुट अप अनदर बेंच कर दिया है. कांकाणी हिरण शिकार मामले में सैफ अली खान, नीलम, तब्बू और सोनाली बेन्द्रे को बरी किए जाने के खिलाफ राज्य सरकार की ओर से लीव टू अपील पेश की गई है.
भूपेन बोरा ने कुछ ही घंटों में वापस ले लिया इस्तीफा, क्यों बदला फैसला? बीजेपी से मिला था ऑफर
पूर्व असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कांग्रेस से इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद अपना इस्तीफा वापस ले लिया. सुबह उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इस्तीफा भेजा था. खबरों में कहा गया कि उन्होंने पार्टी में “अनदेखी” और उचित सम्मान न मिलने की बात लिखी थी. लेकिन कांग्रेस नेताओं की समझाइश के बाद उन्होंने इस्तीफा वापस ले लिया.
लैंड फॉर जॉबः लालू यादव ने नकारे CBI के आरोप, बोले- करेंगे मुकदमे का सामना
लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में लालू यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने सीबीआई की ओर से लगाए गए आरोप स्वीकार करने से इनकार किया है. लालू यादव ने कोर्ट में कहा है कि हम मुकदमे का सामना करेंगे. आज तक के अनुसार, अब आरोप तय होने के बाद नियमित ट्रायल की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें साक्ष्य और गवाहों के आधार पर कोर्ट यह तय करेगा कि आरोपी दोषी हैं या नहीं.
'यूपी में न दंगा न कर्फ्यू, सब चंगा...' विधान परिषद में बोले CM योगी
UP विधान परिषद में सोमवार को CM योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के अभिभाषण पर अपने विचार व्यक्त किए. इस दौरान सीएम योगी ने आगे कहा कि हम आभारी है प्रधानमंत्री मोदी जी के क्योंकि उन्होंने वंदे भारत राष्ट्र गीत को अनिवार्य किया है. नौकरी के मुद्दे पर CM ने कहा कि पुलिस में 2 लाख 19 हजार भर्तियां निकाली गईं, इनमें 20 फीसदी बेटियां हैं.
तेलंगाना के करीमनगर में BJP ने रचा इतिहास! पहली बार मेयर और डिप्टी मेयर पद पर जमाया कब्जा
तेलंगाना के करीमनगर नगर निगम में सोमवार को BJP के पार्षद कोलगानी श्रीनिवास को मेयर और वाई सुनील राव को डिप्टी मेयर चुना गया. वर्ष 2014 में तेलंगाना के गठन के बाद यह पहली बार है, जब भाजपा राज्य में किसी नगर निगम का नेतृत्व करेगी. करीमनगर नगर निगम के कुल 66 वार्डों में हुए चुनाव में BJP 30 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
नासिक: निर्विरोध चुने गए स्थायी समिति के 16 सदस्य, BJP का दबदबा बरकरार
नासिक नगर निगम में स्थायी समिति के 16 सदस्यों को निर्विरोध चुन लिया गया है. नियमों और दलीय संख्या बल के आधार पर स्थायी समिति में बीजेपी को सबसे ज्यादा सीटें मिली हैं. इन 16 में से 9 सदस्य बीजेपी से, 4 सदस्य शिवसेना - एकनाथ शिंदे गुट से, 2 सदस्य शिवसेना - UBT से और 1 सदस्य एनसीपी से है.
सबरीमाला केसः पुनर्विचार याचिका पर नौ जजों की बेंच करेगी सुनवाई, CJI कर सकते हैं अगुवाई
सबरीमाला सहित महिलाओं के अधिकार से जुड़े मामलों में पक्षकारों ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की है. सुप्रीम कोर्ट ने इन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सभी पक्षकारों से 14 मार्च तक लिखित दलीलें कोर्ट को सौंपने के लिए कहा है. सुप्रीम कोर्ट ने इसके लिए दोनों पक्ष से एक-एक नोडल पर्सन भी नियुक्त कर दिए हैं.
लखनऊ: मेट्रो टिकट के लिए लाइन में लगने का झंझट खत्म, मोबाइल से बुक करें QR कोड और सीधे करें सफर
UP मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने लखनऊ के हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर क्यूआर-आधारित टिकटिंग प्रणाली का औपचारिक उद्घाटन किया. इस नई व्यवस्था के तहत यात्री अब लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप, टिकट वेंडिंग मशीन और टिकट काउंटर से क्यूआर टिकट बुक कर सकते हैं. जल्द ही यहां NCMC की सुविधा भी शुरू की जाएगी.
फर्जी जेल अफसर बनकर सिंगापुर के राष्ट्रपति को किया ईमेल, भारतीय मूल के शख्स को 9 महीने की कैद
सिंगापुर की एक अदालत ने भारतीय मूल के 25 साल के प्रकाश परमासिवम को 9 महीने की जेल की सजा सुनाई है. प्रकाश ने खुद को जेल अधिकारी बताकर राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम और सिंगापुर संसद के सचिवालय को ईमेल भेजे थे. अभियोजकों ने बताया कि प्रकाश पहले भी कई बार जेल जा चुका है और उस पर आपराधिक धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लग चुके हैं.