अरुणाचल के तवांग में भारतीय और चीनी सैनिकों की भिड़ंत हो गई है. चीनी सैनिक भारतीय सेना की पोस्ट हटवाने आए थे, लेकिन भारतीय सैनिकों ने उनके मंसूबे फेल कर दिए. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद् मोदी की हत्या की बात करने वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को मध्य प्रदेश के दमोह से गिरफ्तार कर लिया गया है. पढ़ें, मंगलवार सुबह की 5 बड़ी खबरें.
1. अरुणाचल में जहां हुई भारत-चीन के सैनिकों की भिड़ंत, वहां की सैटेलाइट इमेज आई सामने
भारतीय सेना ने एलएसी पर एक बार फिर चीन की साजिश को नाकाम कर दिया. अरुणाचल प्रदेश के तवांग के यांगत्से इलाके में भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच जमकर झड़प हुई. ये चीनी सैनिक भारतीय सेना की पोस्ट को हटवाने आए थे. लेकिन भारतीय सैनिकों की मुस्तैदी ने चीनी सैनिकों के मंसूबों पर पानी फेर दिया. इस झड़प में दोनों सेनाओं के कुछ सैनिक घायल हुए हैं. इसी बीच उस जगह की सैटेलाइट फोटो सामने आई है, जहां भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प हुई है.
2. MP: पीएम मोदी की हत्या की बात करने वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया गिरफ्तार
कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया गिरफ्तार हो गए हैं. राजा पटेरिया ने पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी की थी. कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को मध्यप्रदेश के दमोह के हट्टा से सुबह करीब 5.30 बजे गिरफ्तार किया गया. राजा पटेरिया का एक वीडियो सामने आया था. इसमें वे कथित तौर पर 'पीएम मोदी की हत्या' की बात कहते नजर आ रहे थे. हालांकि बाद में पटेरिया ने अपने बयान से पलट गए थे. उन्होंने कहा था कि उनका मतलब था कि अगले चुनाव में मोदी को हराओ.
3. नरसंहार और वर्चस्व की लड़ाई... अचानक बिहार का ये इलाका बन गया दो गैंग का अखाड़ा
बिहार के कटिहार जिले में दस दिन पहले एक कुछ ऐसा हुआ कि अब ट्विटर पर #कटिहार_नरसंहार ट्रेंड कर रहा है. दरअसल, वहां दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ, जिसे गैंगवार बताया जा रहा है. इस घटना में कुछ लोगों के मारे जाने की खबर भी है. मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे भी किए जा रहे हैं.
4. UP: निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान पर हाईकोर्ट की रोक, OBC आरक्षण का फंसा पेंच
यूपी में निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान पर हाईकोर्ट ने मंगलवार (13 दिसबंर) तक रोक लगा दी है. इसके साथ ही कोर्ट ने चुनाव में ओबीसी को आरक्षण देने के मुद्दे पर दाखिल की गई याचिका पर सरकार से जवाब मांगा है. हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस सौरभ श्रीवास्तव ने ओबीसी को आरक्षण के मुद्दे पर सुनवाई करते हुए सरकार से जवाब मांगा है. आज हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच में ओबीसी को आरक्षण देने के नियमों का पूरा ब्यौरा कल पेश किया जाएगा. इसके बाद मामले की सुनवाई होगी.
5. इस हफ्ते रद्द रहेंगी ये ट्रेनें, वीकेंड पर कई ट्रेनों का बदलेगा रूट
भारतीय रेलवे से हर रोज बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं. ऐसे में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे लगातार विकास कार्य और रीमॉडलिंग के काम करता रहता है. अब इसी कड़ी में उत्तर रेलवे के दिल्ली क्षेत्र के पटेलनगर स्टेशन के यार्ड रमॉडलिंग कार्य के परिप्रेक्ष्य में प्री-नॉनइंटरलॉक किए जाने का काम किया जा रहा है, जिसके लिए ब्लॉक दिये जाने के कारण कुछ गाड़ियों का निरस्तीकरण किया गया है. वहीं, कुछ ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन किया जा रहा है.