scorecardresearch
 

13 साल के मासूम ने लगाई फांसी, स्कूल प्रिंसिपल की शिकायत के बाद मां ने लगाई थी डांट

ठाणे के वागले एस्टेट इलाके में 13 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. स्कूल में साथियों के साथ शरारतों को लेकर प्रिंसिपल द्वारा गार्जियन को बुलाए जाने के बाद वह डरा हुआ था. मां ने उसे डांटा था और पिता को बताने की बात कही थी. शुक्रवार रात वह घर में फंदे से लटका मिला. 

Advertisement
X
13 साल का मासूम ने लगाई फांसी (Photo: representational image )
13 साल का मासूम ने लगाई फांसी (Photo: representational image )

महाराष्ट्र के ठाणे शहर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. वागले एस्टेट क्षेत्र में रहने वाले 13 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, छात्र अपने घर की तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट में छत के पंखे से लटका मिला. परिजन उसे तत्काल पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे ठाणे सिविल अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान रुद्र राकेश सिंह के रूप में हुई है. वह पड़ोसी मुंबई के मुलुंड स्थित एक स्कूल में पढ़ता था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाल ही में स्कूल के प्रिंसिपल ने रुद्र की शरारतों को लेकर उसके अभिभावकों को बुलाया था. बताया गया कि वह अपने सहपाठियों के साथ मजाक और प्रैंक करने की आदत के कारण प्रिंसिपल नाराज थे.

घटना के समय रुद्र के पिता शहर से बाहर थे, इसलिए उसकी मां स्कूल गई थीं. पुलिस के मुताबिक, मां ने घर लौटकर बेटे को समझाया और उसके व्यवहार पर नाराजगी जताई. साथ ही यह भी कहा कि इस बारे में पिता को जानकारी दे दी गई है. आशंका है कि अभिभावकों की डांट के डर से छात्र ने यह कदम उठा लिया.

श्रीनगर पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली गई है. अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी तरह की साजिश या बाहरी दबाव के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पुलिस परिवार के बयान दर्ज कर रही है और स्कूल प्रशासन से भी संपर्क में है. 

Advertisement

 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Advertisement
Advertisement