scorecardresearch
 

मिरा रोड में 'लोन वुल्फ अटैक' का खौफ: धर्म पूछकर सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर पर जानलेवा हमला

सोमवार को मुंबई के मिरा रोड में एक अज्ञात हमलावर ने धर्म पूछने के बाद सिक्योरिटी गार्ड और उसके सुपरवाइजर पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया. यह घटना तड़के एक निर्माणाधीन इमारत में हुई. घायल गार्ड ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया कि हमलावर ने पहले उनकी पहचान पूछी और फिर हमला कर दिया.

Advertisement
X
धर्म पूछकर सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर पर चाकू से वार (Photo: Divyesh Singh/ITG)
धर्म पूछकर सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर पर चाकू से वार (Photo: Divyesh Singh/ITG)

महाराष्ट्र के मिरा रोड इलाके में एक सोमवार को सनसनीखेज वारदात सामने हुई, जहां एक अज्ञात हमलावर ने धर्म पूछने के बाद सिक्योरिटी गार्ड और उसके सुपरवाइजर पर चाकू से हमला किया. इस मामले में दर्ज एफआईआर की कॉपी सामने आई है, जिसमें पूरी घटना का विस्तार से जिक्र किया गया है. शिकायतकर्ता सुब्रतो रमेश सेन, जिनकी उम्र 31 वर्ष है, पेशे से सिक्योरिटी गार्ड और डांस टीचर हैं और वो मिरा रोड में किराए पर रहते हैं. उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले दो सालों से काशीमीरा स्थित श्रीराम इंटरनेशनल स्कूल में डांस इंस्ट्रक्टर के रूप में काम करते हैं. इसके साथ ही वह अमन सिक्योरिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी के जरिए 28 मार्च 2026 से अस्मिता ग्रैंड मेंशन नाम की निर्माणाधीन इमारत में नाइट शिफ्ट में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी कर रहे हैं.

यह इमारत नयानगर, मिरा रोड ईस्ट में वॉकहार्ट अस्पताल के पीछे स्थित है. यहां कुल पांच सिक्योरिटी गार्ड तैनात थे, जिनमें नाइट सुपरवाइजर राजेश्वर मिश्रा के अलावा हरि सिंह, अजय शुक्ला और मनोज कुमार शामिल थे. 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे सभी गार्ड अपनी ड्यूटी पर पहुंचे और अपने-अपने स्थान पर तैनात हो गए. सुब्रतो सेन को मुख्य सड़क की तरफ वाले हिस्से में ड्यूटी दी गई थी, जबकि हरि सिंह को मुख्य गेट पर तैनात किया गया था. घटना 27 अप्रैल की तड़के लगभग 3 बजे की है, जब एक अज्ञात युवक उनके पास आया और पूछा कि क्या आगे कोई मस्जिद है. इस पर सुब्रतो ने जवाब दिया कि हां, दाहिनी तरफ मस्जिद है, लेकिन उसका नाम उन्हें नहीं पता.

इसके बाद उस शख्स ने उनसे पूछा कि क्या वह हिंदू हैं. सुब्रतो ने हां में जवाब दिया. इसके बाद वह युवक वहां से चला गया, लेकिन आसपास ही मंडराता रहा. करीब 4 बजे सुब्रतो पास ही रसायज सिनेमा के पास स्थित एक ईरानी चाय की दुकान पर चाय पीने गए. वहां उन्होंने उसी युवक को फिर देखा. करीब साढ़े 4 बजे जब वह वापस अपनी ड्यूटी पर लौटे, तभी वही युवक उनके पास आया. उसने उनका हाथ पकड़कर फिर से पूछा कि क्या वह हिंदू हैं और इसके तुरंत बाद उसने चाकू से हमला कर दिया. हमले के दौरान चाकू उनकी पीठ पर लगा. किसी तरह वह खुद को छुड़ाकर वहां से भागे और सुपरवाइजर के केबिन की ओर पहुंचे.

Advertisement

हमले के बाद मौके से फरार आरोपी, गार्ड ने दर्ज कराई शिकायत

सुब्रतो ने केबिन में मौजूद सुपरवाइजर राजेश्वर मिश्रा को पूरी घटना बतानी शुरू ही की थी कि तभी वही हमलावर वहां भी पहुंच गया. उसने मिश्रा से भी धर्म के बारे में पूछा और कहा कि अगर वह हिंदू नहीं हैं तो कलमा पढ़कर दिखाएं. जब मिश्रा कलमा नहीं पढ़ सके, तो हमलावर ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया. हमले से घबराकर सुब्रतो वहां से भागकर इमारत के पीछे छिप गए. करीब पांच से सात मिनट बाद उन्होंने मिश्रा को फोन किया. फोन पर मिश्रा रोते हुए बार-बार कह रहे थे कि वह मरने वाले हैं. इसके बाद जब सुब्रतो वापस केबिन पहुंचे तो वहां हरि सिंह और दो अन्य लोग मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: नाम और धर्म पूछा, फिर कहा- कलमा पढ़ो, मुंबई में गार्ड्स पर चाकू से हमला

उन्हें बताया गया कि हमलावर ने मिश्रा पर पीठ, पेट और छाती पर कई वार किए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. इसके बाद नायब शेख नाम का शख्स  जो पास की एलीगेंस सोसाइटी के निवासी हैं, सुब्रतो को नयानगर पुलिस स्टेशन लेकर गए. चोटिल होने के कारण पुलिस ने उन्हें पहले भायंदर के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा. इलाज के बाद वह वापस पुलिस स्टेशन पहुंचे और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. सुब्रतो ने अपनी शिकायत में कहा कि वह हमलावर को दोबारा देखने पर पहचान सकते हैं.

Advertisement

एफआईआर में हमलावर का हुलिया भी बताया गया है. आरोपी की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई गई है. उसकी लंबाई करीब 5 फीट 6 इंच थी. उसके बाल गर्दन तक लंबे थे और चेहरा लंबा था. दाढ़ी बढ़ी हुई थी. उसने गहरे रंग की ट्रैक पैंट और हल्के गुलाबी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी. शिकायत में यह भी कहा गया है कि हमलावर ने जान से मारने की नीयत से हमला किया. उसने पहले धर्म की पहचान पूछी और उसके बाद चाकू से वार किया. इस घटना को लोन वुल्फ अटैक के तौर पर देखा जा रहा है, जहां एक अकेले हमलावर ने बिना किसी स्पष्ट कारण के हिंसक हमला किया. पुलिस ने आरोपी को 

पुलिस मामले की जांच में जुटी

बता दें, पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जैब जुबैर अंसारी अमेरिका से 2019 में भारत लौटा था और वह लगातार ISIS संबंधित कंटेंट और वीडियो देख रहा था. घटना के करीब डेढ़ घंटे अंदर ही पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद उसे ठाणे की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement