महाराष्ट्र के ठाणे से भाईदर के सरकारी अस्पताल में चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहां आईसीयू में भर्ती 89 वर्षीय वृद्ध महिला की चूहे द्वारा कुतरने से मौत होने का आरोप परिजनों ने लगाया है. भाईंदर पश्चिम स्थित भारतरत्न पंडित भीमसेन जोशी अस्पताल में 12 मार्च को सुहासिनी माठेकर (89) को गंभीर हालत में भर्ती किया गया था. उनकी स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें चौथी मंजिल के ICU में वेंटिलेटर पर रखा गया था.
रात में चूहे ने हाथ को कुतरा
परिजनों के अनुसार रविवार आधी रात के आसपास ICU में एक चूहे ने उनके हाथ को कुतर लिया. सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के लोग उन्हें देखने पहुंचे, तब यह घटना सामने आई. महिला के दाहिने हाथ पर गंभीर जख्म था और काफी खून बह चुका था. परिजनों का आरोप है कि ज्यादा खून बहने के कारण दोपहर तक उनकी मृत्यु हो गई.
यह भी पढ़ें: पहले ऑक्सीजन पाइप पर चूहे, अब मरीजों के बेड पर कुत्ते... गोंडा जिला अस्पताल का वीडियो वायरल
इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि रात के समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर या नर्स को इस घटना की जानकारी कैसे नहीं हुई. डॉक्टर जफर तड़वी ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और अस्पताल के पीछे चल रहे कंस्ट्रक्शन के काम की वजह से चूहों का प्रकोप बढ़ गया है.
मामले में दो लोगों को किया गया सस्पेंड
डॉक्टर ने यह भी कहा कि इस पूरे मामले में दो लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है. इस घटना से अस्पताल की साफ-सफाई और मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. परिजनों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, इन आरोपों पर अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग भी की जा रही है.
(इनपुट- प्रवीण नलवाडे)