scorecardresearch
 

Whatsapp पर भेजी apk फाइल, एक क्लिक में छीना मोबाइल का एक्सेस, उड़ा डाले 25 लाख

मुंबई में बिजली बिल में नाम बदलवाने के बहाने साइबर ठगों ने 78 वर्षीय महिला को निशाना बनाकर 25 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली. व्हाट्सऐप पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करते ही ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और बैंक खातों से रकम उड़ा ली, जिससे हड़कंप मच गया.

Advertisement
X
एक क्लिक में छीना मोबाइल का एक्सेस, उड़ा डाले 25 लाख (Photo: representational image)
एक क्लिक में छीना मोबाइल का एक्सेस, उड़ा डाले 25 लाख (Photo: representational image)

महाराष्ट्र के मुंबई में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है.  यहां एक 78 साल की एक बुजुर्ग महिला को बिजली बिल में नाम बदलवाने के बहाने ठगों ने अपना शिकार बना लिया. इस ठगी में महिला के बैंक खातों से 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम उड़ा ली गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

एक व्हाट्सऐप कॉल और लूट

जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला अंधेरी के फोर बंगला इलाके में रहती हैं. उन्होंने 10 मार्च को अपने बिजली कनेक्शन में नाम बदलवाने के लिए आवेदन किया था. इसके अगले दिन वह अपने रिश्तेदारों से मिलने केरल चली गई थीं. इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सऐप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बिजली कंपनी का कर्मचारी बताया.

'आपको 13 रुपये का भुगतान करना होगा'

ठग ने महिला से कहा कि नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 13 रुपये का भुगतान करना होगा. महिला ने खुद बाहर होने की बात कहकर अपनी घरेलू सहायिका से बात करने को कहा. इसके बाद ठग ने दोनों को कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़ लिया और ई-केवाईसी के नाम पर एक APK फाइल व्हाट्सऐप पर भेज दी.

Advertisement

फाइल डाउनलोड होते ही छिना मोबाइल का एक्सेस

जैसे ही महिला ने वह फाइल डाउनलोड की, ठग ने उनके मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल कर लिया. इसके बाद उसने महिला से वैरिफिकेशन के नाम पर क्रेडिट कार्ड की जानकारी और पासवर्ड पूछ लिया. कुछ ही देर में महिला के बैंक खातों से 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकाल ली गई.

अकाउंट से 25 लाख गायब

जब महिला को पैसे कटने के मैसेज मिले, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ. उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. 21 मार्च को मुंबई लौटने के बाद उन्होंने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड करने से पहले सतर्क रहें और किसी के साथ बैंक या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें.

  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement