scorecardresearch
 

US डील से उद्योगपति खुश, अफवाहें फैला रही कांग्रेस... बजट पर आया हरियाणा CM का बयान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट सत्र पर कहा कि विपक्ष बेवजह अफवाहें फैला रहा है. कांग्रेस इस डील से परेशान है, जनता या उद्योगपति नहीं. प्रधानमंत्री ने भारतीय उत्पादों को निर्यात के जरिए वैश्विक भरोसा दिलाने की अपील की है. हम नहीं चाहते कि हमारे उत्पादों को ‘अनरिलायबल’ कहा जाए.

Advertisement
X
Nayab Singh Saini
Nayab Singh Saini

चंडीगढ़ से प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट सत्र और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर शुरुआत में कुछ उद्योगपतियों के मन में सवाल थे, लेकिन अब वे इस डील से संतुष्ट हैं.

'US डील अवसर, अफवाहें फैला रहा विपक्ष'

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष बेवजह अफवाहें फैला रहा है. कांग्रेस इस डील से परेशान है, जनता या उद्योगपति नहीं. प्रधानमंत्री ने भारतीय उत्पादों को निर्यात के जरिए वैश्विक भरोसा दिलाने की अपील की है. हम नहीं चाहते कि हमारे उत्पादों को ‘अनरिलायबल’ कहा जाए. उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले भारत और अमेरिका के बीच व्यापार लगभग 69 बिलियन डॉलर था, जो अब बढ़कर 132.13 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है. उनके मुताबिक, यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख मजबूत होने का संकेत है.

'संकल्प पत्र हमारे लिए गीता'

बजट पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि चुनावी ‘संकल्प पत्र’ सरकार के लिए पवित्र ग्रंथ की तरह है. यह हमारे लिए गीता समान है, हम इसे पूजते हैं. उन्होंने बताया कि 19 सितंबर 2024 को जारी 217 संकल्पों में से 70 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 120 पर काम जारी है.

Advertisement

MSP पर दावा और 'लाडो लक्ष्मी' ऐप

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा 24 फसलों पर MSP देने वाला पहला राज्य है, जैसा कि संकल्प पत्र में वादा किया गया था. 'लाडो लक्ष्मी' (DDLL) ऐप को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि 17 मार्च 2025 को पेश पहले बजट में इसके लिए 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था.

कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप

सीएम सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार था. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने बजट प्रक्रिया को जनता के लिए खोला है. उनके मुताबिक, पिछले बजट में जनता से मिले 1592 सुझावों में से 706 को शामिल किया गया था. इस बार सरकार के AI चैट बॉक्स के जरिए 12,400 सुझाव प्राप्त हुए हैं.

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय 2014 की तुलना में ढाई गुना बढ़ी है. 16 फरवरी 2026 तक विभिन्न विभागों द्वारा 1,59,747 करोड़ रुपये का व्यय किया जा चुका है, जो 2025-26 के कुल बजट का लगभग 98 प्रतिशत है.

उन्होंने कहा कि 2004 से 2015 के बीच जहां 33 हजार MSME पंजीकृत हुए थे, वहीं 2015 के बाद यह संख्या 20 लाख से अधिक हो गई है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित हुआ है.

Advertisement

'विकसित हरियाणा 2047' और HPSC पर जवाब

सरकार ‘विकसित हरियाणा 2047’ रोडमैप पर काम कर रही है. कांग्रेस के विरोध और HPSC को लेकर उठे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हरियाणा के बच्चे दूसरे राज्यों में सेवाएं दे सकते हैं, तो अन्य राज्यों के बच्चे यहां क्यों नहीं काम कर सकते? 12,500 भर्तियां प्रक्रिया में हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार आर्थिक मजबूती, पारदर्शिता और रोजगार सृजन को प्राथमिकता मानकर आगे बढ़ रही है, जबकि विपक्ष पर उन्होंने मुद्दों को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement