scorecardresearch
 

सिर्फ 3000 रुपये के लिए दोस्त बना दुश्मन, चाकू गोद कर ले ली केशव की जान

गुरुग्राम में महज 3000 रुपये के विवाद ने एक 17 साल के युवक की जान ले ली. सेक्टर-14 इलाके में हुए इस मामले में आरोपी ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या कर दी. मृतक अपने परिवार का सहारा बनने के लिए कार शोरूम में काम करता था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.

Advertisement
X
हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार (Photo: Screengrab)
हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार (Photo: Screengrab)

हरियाणा के गुरुग्राम में महज 3000 रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद एक 17 साल के युवक की जान ले बैठा. मामूली रकम को लेकर शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

यह घटना गुरुग्राम के सेक्टर-14 क्षेत्र की है. मृतक की पहचान 17 साल के केशव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि केशव अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए कार शोरूम में काम करता था और गुरुग्राम के सुखराली गांव में किराए पर रह रहा था. वह मूल रूप से पलवल जिले के बड़ा बैजपुर गांव का निवासी था.

3000 रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुई थी बहस

जानकारी के मुताबिक इस विवाद की शुरुआत केशव के दोस्त धीरज से हुई थी. धीरज ने दिसंबर 2025 में आरोपी मानू से करीब 3000 रुपये उधार लिए थे. मानू लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था.

बताया जा रहा है कि जब मानू पैसे के लिए दबाव बना रहा था तो केशव ने अपने दोस्त धीरज का पक्ष लिया और इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर फोन पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसके बाद केशव आरोपी मानू के कार्यस्थल के पास पहुंच गया, जहां दोनों के बीच बहस शुरू हो गई.

Advertisement

चाकू से ताबड़तोड़ वार कर 17 साल के केशव की हत्या

बहस के दौरान गुस्से में आकर मानू ने चाकू निकाल लिया और केशव पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल केशव को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मानू  को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार के अनुसार मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम की विस्तार से पड़ताल की जा रही है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement