गुरुग्राम में एक ऐसा हादसा हुआ, जिसे देखकर कार में बैठे लोग कुछ सेकेंड के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है. कार सड़क पर थी. मौसम खराब था. तेज आंधी चल रही थी. तभी अचानक ऊपर फ्लाईओवर से लोहे का एक भारी सरिया नीचे गिरा और सीधे कार की छत को चीरता हुआ अंदर घुस गया.
सरिया इतनी ताकत से गिरा कि सीट को आर-पार करते हुए अंदर धंस गया. गनीमत सिर्फ इतनी रही कि उस वक्त सीट पर कोई बैठा नहीं था. वरना यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था.
घटना गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी रोड पर चिल्हड़ गांव बस स्टॉप के पास की है. गुरुवार की शाम इलाके में तेज आंधी और खराब मौसम का असर था. इसी दौरान फ्लाईओवर के ऊपर रखा एक लंबा लोहे का सरिया नीचे कार पर आ गिरा.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले जोरदार आवाज आई. लोगों को लगा शायद कोई बड़ा एक्सीडेंट हुआ है. जब लोग मौके पर पहुंचे तो कार की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया.
यह भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर: आंधी में तिनके की तरह टूटी 32 लाख की पानी टंकी, हवा में लटका ऊपरी हिस्सा
कार की छत फटी हुई थी और सरिया अंदर तक घुसा हुआ दिखाई दे रहा था. तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें साफ दिख रहा है कि अगर सरिया कुछ इंच इधर-उधर गिरता, तो कार में बैठे लोगों की जान जा सकती थी.
कार में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकले. हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा. आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस तब ली, जब पता चला कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
सवाल है कि फ्लाईओवर पर इतना भारी सरिया आखिर बिना सुरक्षा के रखा कैसे गया था? लोगों का कहना है कि अगर निर्माण सामग्री को सही तरीके से बांधा या सुरक्षित रखा गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था.
फिलहाल घटना को लेकर संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. लेकिन इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फ्लाईओवर और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह का हादसा न हो.