गुजरात के सूरत शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां उधार में गुटखा देने से मना करने पर पान दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया गया. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है.
उधार में मांगा गुटखा
घटना अडाजण क्षेत्र के पालनपुर जकातनाका के पास स्थित ‘चौरसिया पान’ नाम की दुकान की है. यहां काम करने वाले 22 साल के हार्दिक मनोजभाई पटेल पर शुक्रवार रात तीन लोगों ने हमला कर दिया. जानकारी के मुताबिक, आकाश किशोरभाई पूजारे नाम का युवक अपने दो साथियों- मयंक उर्फ लालु लंबाडे और सनी- के साथ दुकान पर पहुंचा और उधार में गुटखा मांगा. दुकानदार द्वारा उधार देने से इनकार करने पर तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी.
लात-घूंसों से हमला सीसीटीवी में कैद
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने हार्दिक के सिर और शरीर पर लात-घूंसों से हमला कर दिया. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी जो भी हाथ लगा, उससे दुकानदार को पीटते रहे. इतना ही नहीं, जाते-जाते मुख्य आरोपी आकाश पूजारे ने धमकी दी कि अगर भविष्य में उधार देने के लिए न ना निकले, नहीं तो और गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़ित ने अगले दिन देर शाम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. अडाजण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों- आकाश पूजारे और मयंक लंबाडे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी सनी की तलाश जारी है.
आरोपियों से कराया वारदात का रिकंस्ट्रक्शन
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर पूरी वारदात का रिकंस्ट्रक्शन भी किया. पालनपुर जकातनाका स्थित इलाके में पुलिस टीम ने घटनाक्रम को समझने के लिए वीडियोग्राफी की. अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 351(2), 352 और 54 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस मामले की जांच एएसआई फिरोजभाई गफूरभाई कर रहे हैं.