पिछले साल अहमदाबाद में हुए दर्दनाक एअर इंडिया विमान हादसे की यादें आज भी लोगों के दिलों में ताजा हैं. इस हादसे में 260 लोगों की जान चली गई थी. इस बड़ी त्रासदी के बीच एक ऐसी कहानी भी सामने आई, जिसने एक आम स्कूल जाने वाले लड़के की जिंदगी को हमेशा के लिए बदल दिया है.
ये कहानी है 18 साल के आर्यन असारी की है. वो एक साल पहले तक गुजरात के अरावली जिले के एक छोटे से गांव का साधारण छात्र था. उसने कभी किसी विमान को इतनी नजदीक से नहीं देखा था.
लेकिन 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे ने उसे नया नाम दे दिया है. आज पूरा इलाका आर्यन को 'एरोप्लेन बॉय' के नाम से जानता है.
दोस्तों को दिखाने के लिए बनाया था वीडियो
आर्यन उस सुबह ही पहली बार अहमदाबाद पहुंचा था. उसके पिता आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद वहां मेट्रो स्टेशन पर सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे. आर्यन अपनी 12वीं की पढ़ाई के लिए किताबें खरीदने और पिता के साथ कुछ समय बिताने आया था.
वो एयरपोर्ट के पास मेघानीनगर में अपने पिता के किराए के मकान की छत पर खड़ा था. तभी उसने एक हवाई जहाज को बहुत नीचे उड़ते देखा. उसे ये देखकर बहुत अच्छा लगा क्योंकि उसने कभी इतने नजदीक से हवाई जहाज नहीं देखा था. उसने तुरंत अपना फोन निकाला और वीडियो बनाने लगा, जिससे गांव जाकर अपने दोस्तों को दिखा सके.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आर्यन ने उस पल को याद करते हुए बताया कि 'अचानक वो हवाई जहाज तेजी से नीचे आने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई. वे आग का एक बड़ा गोला बन गया था. मैं बुरी तरह डर गया था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ मेरी आंखों के सामने हो जाएगा.'
बदल गई लड़के की पहचान...
हादसे के कुछ ही घंटों में आर्यन का बनाया वीडियो सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर फैल गया. वे पूरे देश में इस हादसे का इकलौता चश्मदीद गवाह बन गया था. मीडिया के लोग उसके पिता के घर पहुंच गए. आर्यन रातों-रात मशहूर हो गया और हर चैनल पर उसका इंटरव्यू आने लगा.
कुछ दिनों बाद वे अपने गांव लौट आया और अपनी पढ़ाई पूरी की. उसने 12वीं की परीक्षा भी पास कर ली है और अब कॉलेज में दाखिले की तैयारी कर रहा है. लेकिन अब उसकी पहचान पूरी तरह बदल चुकी है.
उसने शरमाते हुए मुस्कराते कहा, 'जब मैं अपने गांव लौटा, तो हर कोई वे वीडियो देखना चाहता था. मेरे दोस्तों ने मुझे बताया कि मैं मशहूर हो गया हूं.' आर्यन ने आगे कहा कि हाल ही में मैं एक शादी में गया था. वहां भी कई लोग मेरे पास आए और पूछने लगे कि क्या तुम वही एरोप्लेन वाले लड़के हो? मैंने कहा, हां.
'मन में बैठ गया है गहरा डर'
इस शोहरत की आर्यन को एक भारी कीमत चुकानी पड़ी है. इस हादसे का उसके दिल पर इतना बुरा असर पड़ा कि उस दिन के बाद से उसने आज तक अपने फोन से किसी हवाई जहाज का वीडियो नहीं बनाया. उसने डरते हुए बताया, 'अब मुझे डर लगता है कि अगर मैंने किसी प्लेन का वीडियो बनाया, तो कहीं वो भी क्रैश न हो जाए.'
गांव के बाकी लड़कों की तरह आर्यन भी आगे चलकर विदेश जाना चाहता है, लेकिन हवाई जहाज में बैठने के नाम से ही वो घबरा जाता है. आर्यन कहता है, 'मैं विदेश तो जाना चाहता हूं, लेकिन सच कहूं तो अभी मुझमें हवाई जहाज के अंदर बैठने की हिम्मत नहीं है.