उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना उस्मानपुर इलाके में मामूली विवाद के बाद 16 वर्षीय नाबालिग अयान की चाकू मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना गौतम विहार गली नंबर-4 की बताई जा रही है. वारदात के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक मृतक अयान अपने परिवार के साथ गौतम विहार इलाके में रहता था. परिजनों का आरोप है कि इलाके में रहने वाले एक युवक ने किसी बात को लेकर अयान को थप्पड़ मार दिया था. इस बात से नाराज अयान कारण पूछने के लिए पास की गली में गया था. आरोप है कि वहां पहले से मौजूद युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अयान पर चाकुओं से हमला कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने अयान पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल अयान को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
नाबालिग की हत्या की खबर मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों में घटना को लेकर गुस्सा देखा गया. हालात को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न पैदा हो. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और जांच शुरू की.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं. वहीं, परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है.