राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. शहर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है. इसके साथ ही यह तापमान गुरुवार के 34.3 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा रहा. वहीं दिल्ली की हवा ‘मॉडरेट’ श्रेणी में बनी रही और एयर क्वालिटी इंडेक्स 171 दर्ज किया गया.
न्यूनतम तापमान की बात करें तो सफदरजंग में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा है. लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है. इसके अलावा रिज स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा रहा तापमान, गुरुवार का रिकॉर्ड भी टूटा
मौसम की स्थिति को लेकर स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट और मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली और आसपास के राज्यों जैसे पंजाब में अगले करीब 10 दिनों तक किसी बड़ी मौसम गतिविधि की संभावना नहीं है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के संकेत हैं. इससे सुबह और शाम दोनों समय के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. साथ ही आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार भी बढ़ने की संभावना है.
स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार रिज स्टेशन पर सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.7 डिग्री ज्यादा है. इसके बाद लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा है. वहीं पालम में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है. शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. वहीं हवा की गुणवत्ता की बात करें तो शहर का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 172 दर्ज किया गया. हालांकि शाम के समय केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की SAMEER ऐप पर स्टेशनवार AQI के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे.
अगले 10 दिन तक बड़े मौसम बदलाव के आसार नहीं
सीपीसीबी के अनुसार 0 से 50 के बीच AQI को ‘गुड’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मॉडरेट’, 201 से 300 ‘पुअर’, 301 से 400 ‘वेरी पुअर’ और 401 से 500 के बीच ‘सीवियर’ श्रेणी में रखा जाता है. एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक शनिवार को दिल्ली की हवा ‘पुअर’ श्रेणी में जा सकती है.