दिल्ली में मारपीट की हैरान करने देने वाली घटना सामने आई है. इसमें दर्जनभर से ज्यादा लोगों ने एक युवक पर तलवार और लाठियों से धावा बोल दिया. युवक की पिटाई इस कदर की गई कि युवक को अधमरा ही कर दिया. हालांकि ये पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
राजधानी दिल्ली के लोगों में गुस्सा इस हद तक भरा हुआ है कि लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर मरने-मारने पर उतारू हो जाते है. अमर कॉलोनी के संत नगर में गाड़ी हटाने को लेकर दर्जनभर से ज्यादा लोगों ने एक युवक पर तलवार और लाठियों से हमला कर दिया और उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. दरअसल, सूर्य प्रताप सिंह चौहान ने अपने घर के पास अपनी गाड़ी खड़ी की थी. संत नगर गुरुद्वारा के अध्यक्ष महासिंह कलसी उर्फ सोढ़ी ने सूर्य प्रताप की गाड़ी के पीछे अपनी गाड़ी लगा दी. जब सुबह सूर्य प्रताप गाड़ी निकालने आया तो सोढ़ी को गाड़ी हटाने के लिए बोला. इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.
उसके बाद अचानक दर्जनभर से ज्यादा लोग लाठी डंडों और तलवार के साथ आ गए. इसके बाद लोगों ने सूर्य प्रताप पर हमला बोल दिया. सूर्य प्रताप सिंह की पिटाई का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. सीसीटीवी तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि दर्जनभर से ज्यादा लोग एक युवक को लाठी डंडों से बुरी तरह पीट रहे हैं. लोगों के हाथों में तलवारें दिखाई दे रही है. दर्जनभर से ज्यादा लोगों ने सूर्य प्रताप की बुरी तरह पिटाई की. इसके साथ ही उन लोगों पर यह भी आरोप है कि जिसने सूर्य प्रताप को बचाने की कोशिश, उन्हें भी नही बख्शा गया. फिलहाल सूर्य प्रताप हॉस्पिटल में भर्ती है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
बता दें कि पार्किंग को लेकर राजधानी दिल्ली में ये कोई पहली घटना नहीं है, लेकिन इस घटना के बाद दिल्लीवालों की सहनशीलता पर भी बड़ा सवाल खड़ा होता है कि लोग छोटी-छोटी बातों पर किस कदर दूसरे लोगों पर हावी हो जाते हैं. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी के जरिए पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.