scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बीजेपी की जीत के बाद खुशी से झूमती बंगाल पुलिस का नहीं है ये वीडियो

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद पुलिसकर्मियों के जश्न मनाने का दावा करने वाला वीडियो भ्रामक निकला. जांच में पता चला कि यह वीडियो 2022 का है और महाराष्ट्र के कोल्हापुर में गणपति विसर्जन के दौरान रिकॉर्ड किया गया था.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
इस वीडियो में पश्चिम बंगाल के पुलिसवालों को बीजेपी की जीत का जश्न मनाते देखा जा सकता है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये महाराष्ट्र के कोल्हापुर का वीडियो है जहां गणपति विसर्जन के दौरान ये पुलिसवाले नाच रहे थे.

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने पहली बार सत्ता हासिल की है. बीजेपी ने 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की. राज्य में सत्ता परिवर्तन के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है जिसमें कुछ पुलिस वाले बीजेपी के चुनावी गाने पर नाचते हुए नजर आ रहे हैं.

इसे शेयर करने वाले कई लोगों का कहना है कि ये वीडियो पश्चिम बंगाल का है जहां बीजेपी के जीतने के बाद पुलिसवाले इस तरह से जश्न मना रहे हैं. कुछ ने सवाल भी किया कि एक लोकतांत्रिक देश में इसकी इजाजत कैसे हो सकती है.

एक्स पर एक व्यक्ति ने लिखा, “चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वाले और EVM hack की दुहाई लगाने वाले जरा मुझे ये बताए कि इन पुलिसवालों को किसने हेक किया है...जो बीजेपी के जितने पर इतने खुश है जैसे आज देश आजाद हुआ हो ! #बंगाल_का_रिजल्ट.” इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

Fact Check Pic 1st

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के कोल्हापुर का है.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये यश अराते व्लॉग नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 10 सितंबर, 2022 को अपलोड किया गया था. इतनी बात तो यहीं साफ हो जाती है कि ये वीडियो काफी पुराना है और हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से संबंधित नहीं हो सकता.

Advertisement

वीडियो के डिसक्रिप्शन के मुताबिक ये वीडियो महाराष्ट्र के कोल्हापुर का है और इसमें नजर आ रहे पुलिसवाले गणपति विसर्जन के समय नाच-गा रहे थे. इस वीडियो में बीजेपी का वो कैंपेन सॉन्ग भी नहीं है जो वायरल वीडियो में सुनाई दे रहा है. साफ है कि वायरल वीडियो में ये गाना अलग से जोड़ा गया है. यश ने पार्ट-1 के नाम से ये वीडियो अपलोड किया था. उन्होंने 11 सितंबर को पार्ट-2 भी अपलोड किया था. ये वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक दूसरा वीडियो है. 

वीडियो में एक दुकान का नाम नजर आता है- पार्वती ट्रेडर्स. सर्च करने पर पता चला कि ये दुकान कोल्हापुर के पापाची टीकाटी इलाके में गंगावेश रोड पर स्थित है. हमें गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू पर भी हूबहू यही जगह मिल गई. स्ट्रीट व्यू में वायरल वीडियो में नजर आ रहीं तीनों दुकानें - पार्वती ट्रेडर्स, श्री कृष्ण एजेंसी और भिवसे सैनिटरी वेयर्स - देखी जा सकती हैं.

Fact Check Pic 2nd

इस तरह साबित हो जाता है कि ये 2022 का महाराष्ट्र के कोल्हापुर का वीडियो है, न कि पश्चिम बंगाल का. उस वक्त कोल्हापुर में गणेश विसर्जन के दौरान झूमते पुलिसवालों के कई और वीडियो और न्यूज रिपोर्ट्स भी सामने आए थे.  

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement