
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे मौजूदा तनाव के बीच सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें कुछ महिलाएं कथित तौर पर पाकिस्तानी सेना को धन्यवाद देती दिख रही हैं.
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किए गए हालिया हमले में आतंकवादियों की मौत का दावा किया है.
पश्तो भाषा के इन वीडियोज को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि तालिबान के जुल्म से त्रस्त हो चुकी महिलाओं ने पाकिस्तानी सेना से अपील की कि वो उन्हें इस बेरहम सरकार से आजादी दिलाए. पाकिस्तान के कई सोशल मीडिया यूजर्स ने शेयर किया है

ऐसे ही एक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.
अफगानिस्तान के कुछ न्यूज आउटलेट्स के मुताबिक पाकिस्तान न्यूज ऑर्गेनाइजेशन, खैबर टीवी ने इनमें से एक वीडियो को अफगान महिलाओं की प्रतिक्रिया बताकर चलाया.
लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये दोनों ही वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की मदद से बने हैं. हकीकत में अफगान महिलाओं का ऐसा कोई वीडियो सामने नहीं आया है जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को धन्यवाद दिया हो.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वायरल वीडियोज को गौर से देखने पर ऐसी कई चीजें नजर आती हैं जिनसे इनके नकली होने का शक होता है.
पहले वीडियो में बीच में खड़ी महिला बोल रही है और उसके आसपास दो महिलाएं एकदम बुत की तरह खड़ी हैं. काफी देर तक दोनों पलक ही नहीं झपकातीं. इनके चेहरे पर जो रोशनी पड़ रही है, वो अलग-अलग दिशाओं से आ रही है. जहां बीच में खड़ी महिला के चेहरे पर सामने की तरफ से रोशनी पड़ रही है. वहीं, हरे कपड़े पहने हुए महिला के चेहरे पर रोशनी बाईं तरफ से आ रही है.
दूसरे वीडियो में भी ऐसी कई गड़बड़ियां दिखती हैं. इसमें एक जगह पीछे खड़ी लड़की का बैंगनी हिजाब उसकी त्वचा से मिलता नजर आता है. वहीं गहरे हरे हिजाब वाली लड़की की आंखें कई जगह अजीबोगरीब-सी दिखती हैं. इस लड़की के सिर की मांग भी हिलती हुई-सी दिखती है.
एआई तस्वीरों की सच्चाई बताने वाले टूल हाइव मॉडरेशन ने भी इनके एआई से बने होने की 94.4 और 93.6 प्रतिशत संभावना बताई.

खबरों के मुताबिक अफगानिस्तान में हुई पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में कम-से-कम 13 लोगों की जान गई थी. हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली जिसमें ऐसा बताया गया हो कि अफगानिस्तान की महिलाओें ने हालिया हमले के बाद पाकिस्तान का शुक्रिया अदा किया.