scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: लोगों को लाठी-डंडों से खदेड़ते सुरक्षाबलों का ये वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं है

बंगाल चुनाव से जोड़कर वायरल वीडियो असल में बांग्लादेश का निकला. फैक्ट चेक में खुलासा हुआ कि सुरक्षाबलों की कार्रवाई वहां चुनावी भीड़ हटाने के दौरान हुई थी.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये पश्चिम बंगाल का हालिया वीडियो है जहां केंद्रीय सुरक्षाबलों ने चुनाव के दौरान आम लोगों की आवाज दबाने के लिए उन पर डंडे बरसाए. 
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये इसी साल फरवरी में बांग्लादेश में हुए आम चुनाव के समय का वीडियो है. इसका भारत से कोई लेना-देना नहीं है. 

पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण के लिए भी वोटिंग हो गई. 2 चरणों में हुए इस चुनाव ने मतदान के कई नए रिकार्ड बनाएं. चुनाव के दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी देखने को मिलीं.

अब इस चुनाव का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में सुरक्षाबल के लोग कुछ लोगों को लाठी-डंडे के दम पर भगाते हुए नजर आ रहे हैं. लोग इस वीडियो के साथ “बंगाल” और “लोकतंत्र” जैसे हैशटैग्स का भी इस्तेमाल कर रहे हैं.

वीडियो को फेसबुक पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “अगर चुनाव का मतलब ही ये रह जाए कि जनता को प्रशासन के डंडों से दबाया जाए, आवाज़ उठाने वालों को प्रताड़ित किया जाए —तो ऐसे चुनाव लोकतंत्र नहीं, सिर्फ एक दिखावा बनकर रह जाते हैं. चुनाव जनता की ताकत का पर्व है, डर और दमन का नहीं. अगर लोगों की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी नहीं दी जा सकती,तो ऐसे चुनाव कराने का क्या औचित्य है, साहब? #बंगाल #लोकतंत्र #जनताकीआवाज़”

इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है. 

fact check

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है.

कैसे पता की सच्चाई? 

वीडियो को गौर से देखने पर पता चलता है कि ये भारत का नहीं हो सकता. मिसाल के तौर पर इसमें एक गाड़ी नजर आती है जिसके नंबर प्लेट पर बांग्ला में टेक्स्ट लिखा हुआ है. भारत में गाड़ियों पर नंबर प्लेट ऐसे नहीं होते हैं.

Advertisement

इसके अलावा वीडियो में एक बैनर भी नजर आता है, जिस पर तारिक रहमान की तस्वीर देखी जा सकती है. तारिक रहमान बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री हैं. उनकी पार्टी का नाम है - बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP). बैनर पर BNP का चुनाव चिन्ह भी देखा जा सकता है.
 

fact check

वायरल वीडियो पर “Law TV” का लोगो नजर आता है. “Law TV” बांग्लादेश के ढाका स्थित एक लोकल न्यूज आउटलेट है. हमें इस आउटलेट के फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो भी मिल गया.
 



ये वीडियो यहां 15 फरवरी को पोस्ट किया गया था. जाहिर है कि ये हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल चुनाव से संबंधित नहीं हो सकता है. बांग्लादेश में 12 फरवरी को 13वां आम चुनाव हुआ था. वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि एक चुनावी बूथ के पास बाहरी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी. इसी भीड़ को हटाने के लिए सुरक्षाबलों ने हल्का बल प्रयोग किया था.

तारिक रहमान उस वक्त ‘Bogura-6’ और ‘Dhaka-17’ सीट से उम्मीदवार थे. उन्होंने दोनों सीटों पर जीत भी हासिल की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश में चुनाव के दौरान कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं थीं.

साफ है कि वायरल हो रहे वीडियो का पश्चिम बंगाल चुनाव से कोई लेना-देना ही नहीं है. ये बांग्लादेश का वीडियो है.

 
---- समाप्त ----
(रिपोर्ट- रश्मि गुप्ता)
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement