KBC 14 written update: टीवी के पॉपुलर क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के बुधवार के एपिसोड में खेल की शुरुआत विमल नारणभाई ने की. इस गेम शो से वह 25 लाख रुपये जीतकर गए. इसके अलावा दर्शकों और अमिताभ बच्चन का ढेर सारा प्यार भी. विमल 50 लाख रुपये के सवाल पर अटक गए थे. इसका जवाब उन्हें नहीं पता था, ऐसे में विमल ने गेम क्विट करने का फैसला लिया.
25 लाख रुपये के लिए सवाल था
सामान्यतः अपने प्राकृतिक वास में, पेंगुइन इनमें से किस जानवर के संपर्क में नहीं आएगा? लेपर्ड सील, किलर व्हेल, ध्रुवीय भालू या फिर अंटार्कटिक टर्न. इस सवाल के लिए विमल ने फोन अ फ्रेंड लाइफलाइन ली, जिसमें दोस्त और टीचर मेहुल से बात की. मेहुल ने किलर व्हेल कहा, लेकिन वह कॉन्फिडेंट नहीं थे. विमल ने दोस्त की नहीं मानी और अपना जवाब दिया. उन्होंने रिस्क लेते हुए ध्रवीय भालू पर लॉक कराया जोकि सही जवाब था.
50 लाख का सवाल यह था
इनमें से किस भारत रत्न विजेता का जन्म और मृत्यु दोनों, भारत के बाहर किसी देश में हुई थी? लाल बहादुर शास्त्री, मौलाना अबुल कलाम आजाद, मदर टेरेसा या फिर जेआरडी टाटा. इस सवाल का सही जवाब विमल को नहीं पता था. ऐसे में विमल ने खेल को क्विट करने का फैसला लिया. दर्शकों ने तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया. विमल घर 25 लाख रुपये लेकर गए, जिसके लिए वह बेहद खुश हैं. रही बात इस सवाल के जवाब की तो इसका सही जवाब था डेआरडी टाटा.
विमल ने अमिताभ बच्चन को बताया कि उनके परिवार पर 9 लाख रुपये का कर्ज है, जो वह जीती हुई 25 लाख की धनराशि से चुकाएंगे. इसके अलावा विमल के लिए अमिताभ बच्चन कैमरामैन भी बने. विमल शादी के लिए दुल्हन ढूंढ रहे हैं. ऐसे में अमिताभ कैमरामैन बनकर विमल किस तरह की लड़की खुद के लिए ढूंढ रहे हैं, पूछने लगे.
विमल के जाने के बाद हॉट सीट पर रूपिन शर्मा आए. वह पेशे से डीजीपी हैं और नागालैंड में कार्यरत हैं. रूपिन शर्मा अबतक पहला पड़ाव पार करके 20 हजार रुपये जीत चुके हैं.
20 हजार के लिए सवाल
इंटरनेट पर, एथेरियम और डोजकॉइन इनमें से किसके उदाहरण है? सर्च इंजन, क्रिप्टोकरेंसी, ई बुक पुस्तकालय या फिर स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म. इसका सही जवाब था क्रिप्टोकरेंसी.
रूपिन शर्मा गुरुवार को खेल आरंभ करेंगे.