आमना शरीफ भारतीय टेलीविजन के सबसे पसंदीदा और खूबसूरत चेहरों में से एक है. एक्ट्रेस ने 'कहीं तो होगा' शो से घर-घर पहचान बनाई थी. टेलीविजन के बाद उन्होंने बॉलीवुड में भी किस्मत आजमाई, लेकिन बात नहीं पाई. उन्हें सिनेमा में टीवी जैसी शोहरत नहीं मिली. हाल ही में आमना ने एक फैशन शो के लिए रैंप वॉक की, जहां उनसे उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में भी पूछा गया. जानते हैं कि उन्होंने डिवोर्स रूमर्स पर क्या कहा.
पति और बेटे ने बढ़ाया हौसला
आमना शरीफ 'कसौटी जिंदगी की 2' के बाद छोटे पर्दे से गायब हो गई हैं. इस पर उन्होंने कहा कि मैं कहीं गायब नहीं हुई हूं. बस थोड़े वक्त के लिए ब्रेक लिया था, लेकिन अब लौट आई हूं.
बॉम्बे फैशन के लिए रैंप वॉक करके एक्ट्रेस बेहद खुश नजर आईं. उन्होंने कहा कि रैंप वॉक करना अच्छा लगा. ये मेरे लिए बेहद खास रहा, क्योंकि मेरे हसबैंड अमित कपूर और 10 साल का बेटा मुझे चीयर कर रहा था. वो कहती हैं कि ये पहली बार था जब मेरा बेटा मुझे ऐसे देख रहा था. वो मुझे कभी स्क्रीन पर नहीं देखता है, क्योंकि मैं उसे इससे दूर रखती हूं.
कुछ समय पहले आमना की शादीशुदा जिंदगी में तनाव की खबरें थीं. ये भी कहा जा रहा था कि वो पति से अलग होने वाली हैं. इस पर उन्होंने कहा कि मैं बहुत प्राइवेट इंसान हूं. ये मेरा प्रोफेशनल वर्ल्ड है और मुझे अपनी फैमिली को इसमें घसीटने की जरूरत नहीं है. मैं कभी इस पर यकीन नहीं करती. मैं नो-ड्रामा वाली इंसान हूं और किसी से वैलिडेशन की भूखी नहीं हूं.
आमना ने महज 15 साल की उम्र में शोबिज की दुनिया में कदम रखा था. उन्होंने अपने काम पर बात करते हुए कहा कि ना सिर्फ अपने काम में बल्कि जिंदगी के हर पहलू में सीख रही हूं. ये बहुत खूबसूरत जर्नी रही है और हर दिन नई सीख देती है.
2013 में आमना शरीफ ने अपने लॉन्गटर्म बॉयफ्रेंड फिल्ममेकर अमित कपूर से शादी की थी. 2015 में इस कपल ने अपने पहले बेटे आरैन का स्वागत किया. दूसरे धर्म में शादी के बाद भी आमना अपना धर्म नहीं भूली हैं. वो मंदिर भी जाती हैं और मस्जिद भी.