थलपति विजय की पार्टी TVK ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है. अब वो जल्द ही सीएम पद की शपथ लेंगे. इस बड़ी जीत के बाद अब विजय का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा है, जिसमें वो बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ स्टेज पर डांस करते नजर आ रहे हैं.
जब शाहरुख खान ने थलपति विजय को स्टेज पर नचाया
ये वीडियो साल 2013 के विजय अवॉर्ड्स का है, जो चेन्नई में आयोजित हुआ था. वीडियो में विजय और शाहरुख की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिलती है. खास बात ये है कि ऑडियंस में बैठीं तृषा कृष्णन और विजय की पत्नी संगीता सोरनालिंगम भी इस पल को खूब एंजॉय करती दिखाई दे रही हैं,
दरअसल, उस इवेंट में विजय को उनकी 2012 की फिल्म थुपक्की के लिए सम्मानित किया जा रहा था. अवॉर्ड देने के लिए शाहरुख खान को खास मेहमान के तौर पर बुलाया गया था. लेकिन ट्रॉफी देने के बाद मामला सिर्फ अवॉर्ड तक सीमित नहीं रहा. शाहरुख ने मजाकिया अंदाज में विजय को स्टेज पर डांस करने के लिए कहा. पहले तो विजय थोड़े झिझकते नजर आए, लेकिन फिर उन्होंने माहौल बना दिया.
साथ बैठी थीं पत्नी और खास दोस्त
इसके बाद विजय ने गूगल गूगल गाने पर डांस शुरू कर दिया. वहीं सामने बैठीं विजय की पत्नी संगीता और खास दोस्त तृषा दोनों ही उन्हें मस्ती करता देख तालियां बजा रही थीं. खास बात ये है कि इस गाने को खुद विजय ने गाया भी था. अब ये वीडियो एक बार फिर वायरल हो रहा है और लोग उस पल को खूब याद कर रहे हैं. इस दौरान विजय ने शाहरुख खान को पसंद करने की बात को भी कुबूल किया था.
दिलचस्प बात ये है कि विजय और शाहरुख खान की मुलाकात इससे पहले भी हो चुकी है. कहा जाता है कि दोनों की मुलाकात 'जवान' के दौरान हुई थी. साथ ही बहुत कम लोग जानते हैं कि दोनों सुपरस्टार्स ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत भी एक ही साल, 1992 में की थी.
सीएम बनने वाले हैं विजय
ये वीडियो ऐसे समय पर वायरल हुआ है, जब विजय की निजी जिंदगी भी लगातार चर्चा में बनी हुई है. फरवरी में उनकी पत्नी संगीता ने 27 साल की शादी खत्म करने के लिए तलाक की अर्जी दी थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने विजय पर एक एक्ट्रेस के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया था, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी हुई.
तलाक की खबरों के कुछ दिन बाद ही विजय और तृषा कृष्णन चेन्नई में एक शादी समारोह में साथ नजर आए थे, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर अफवाहें तेज हो गई थीं. वहीं TVK की जीत का ऐलान 4 मई को हुआ, जो संयोग से तृषा का जन्मदिन भी था. इसके बाद ‘घिल्ली’ स्टार तृषा, विजय को बधाई देने उनके घर भी पहुंचीं. अब विजय 7 मई को सीएम पद की शपथ लेंगे.
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने ये भी नोटिस किया कि विजय और संगीता के दोनों बच्चे, जेसन संजय और दिव्या साशा, जीत के जश्न में कहीं नजर नहीं आए.