scorecardresearch
 

न छुअन, न दीदार... ये कैसा प्यार! नेटफलिक्स पर है ये दिलचस्प Japanese Romcom लव स्टोरी

दुनिया में हर कोई जिस्मानी रिश्तों की तलाश में है, तो दूसरी तरफ ऐसे भी लोग हैं जिनके लिए आपका साथ होना ही काफी होता है. सोचिए अगर आप किसी को छू न पाएं या किसी की आंखों में आंखें न डाल पाएं तो जिंदगी कितनी मुश्किल होगी. ऐसा ही कुछ नेटफ्लिक्स की एक सीरीज में देखने को मिलता है.

Advertisement
X
नेटफ्लिक्स सीरीज रोमांटिक्स एनोनिमस के एक सीन में एक्ट्रेस हान ह्यो-जू और एक्टर शुन ओगुरी (Photo: IMDb)
नेटफ्लिक्स सीरीज रोमांटिक्स एनोनिमस के एक सीन में एक्ट्रेस हान ह्यो-जू और एक्टर शुन ओगुरी (Photo: IMDb)

आजकल के वक्त में दुनिया में हर कोई जिस्मानी मोहब्बत ढूंढ रहा है. हमने लोगों से सामने से जाकर मिलना तो छोड़ ही दिया है. डेटिंग ऐप्स पर भी लोग एक दूसरे को रिझाने के लिए जाने क्या-क्या कर रहे हैं. कोई अपनी बॉडी दिखा रहा है, तो कोई बता रहा है कि वो 'प्लेजर' के मामले में कितना बढ़िया है. मगर प्यार पाने की इस दौड़-भाग के बीच नेटफ्लिक्स पर एक ऐसी सीरीज भी है, जो आपको ठहरकर एक दूसरे की आंखों में आंखें डालकर, एक दूसरे का हाथ थामे हुए जीने का सुख बताती है. इस सीरीज का नाम है 'रोमांटिक्स एनोनिमस'.

फर्ज कीजिए ऐसी दुनिया में रहना जहां आप किसी को छू न पाएं, या किसी से नजरें न मिला पाएं. मुश्किल होगी जिंदगी ऐसे तो, है न? ऐसा ही कुछ 'रोमांटिक्स एनोनिमस' में हो रहा है. ये कहानी है सोसुके फुजिवारा (जापानी एक्टर शुन ओगुरी) और हाना ली (कोरियन एक्ट्रेस हान ह्यो-जू) की. सोसुके एक अमीर बिजनेसमैन है, जो अपने पिता के साथ मिलकर चॉकलेट का बिजनेस चला है. एक फेमस चॉकलेट रेस्टोरेंट के मालिक की मौत के बाद सोसुके फुजिवारा उसका प्रेजिडेंट बन जाता है. अपने बचपन से जुड़े ट्रॉमा की वजह से वो लोगों को छूने से डरता है. उसे भयंकर जर्मोफोबिया है. अगर कोई सोसुके के जरा नजदीक भी आकर खड़ा हो जाए तो उसके रोंगटे खड़े हो जाते हैं और सांस लेने में दिक्कत होने लगती है. ऐसे में वो हमेशा भाग खड़ा होता है.

Advertisement
रोमांटिक्स एनोनिमस के एक सीन में एक्ट्रेस हान ह्यो-जू और एक्टर शुन ओगुरी (Photo: Netflix)

दूसरी तरफ है हाना ली, एक जीनियस चॉकलेट मेकर. हाना को खतरनाक सोशल एंग्जाइटी है, जिसकी वजह से वो अपने घर में ही बंद रहती है. उसे लोगों से मिलना नहीं पसंद, और अगर वो मिल भी लेती है वो उनकी नजरों से नजरें नहीं मिला पाती. अपने घर में अकेली रह रही हाना को किसी तरह उस फेमस रेस्टोरेंट में काम मिल जाता है, जहां सोसुके फुजिवारा बतौर मैनेजर मेहनत करने में लगा हुआ है. दोनों ये नहीं जानते कि वो एक दूसरे की तकलीफ का समाधान हैं. दोनों की मुलाकात काफी गड़बड़ी वाली होती है. मगर इसी मुलाकात की वजह से दोनों को एक दूसरे में उम्मीद भी नजर आ जाती है. किसी वजह से हाना को सोसुके की नजरों में झांकने और सोसुके को हाना को छूने में कोई दिक्कत नहीं हैं. मगर इसका मतलब ये नहीं कि उनकी तकलीफ और सालों का ट्रॉमा यूं ही चला जाएगा.

ये सीरीज आपको अपने साथ एक ऐसे सफर पर लेकर जाती है, जो आपको छोटी-छोटी चीजों से प्यार करना सीखता है. साथ ही आपको बताता है कि आप अपनी दिक्कतों को झेलने वाले अकेले नहीं हैं. आपकी तरह कई और लोग हैं, जो किसी को खोने, किसी के चले जाने, फोबिया एंग्जाइटी और ट्रॉमा से जूझ रहे हैं. अगर आप उनकी मदद करें या दूसरों को अपनी मदद करने दें, तो बेहतर हो सकते हैं. मदद मांगने में कोई बुराई नहीं है, खासकर तब जब आपकी तकलीफ आपको अंदर तक खाए जा रही हो. हाना और सोसुके भी यही बात बात समझकर एक दूसरे के दर्द पर मरहम का काम करते हैं.

Advertisement

इस जापानी-कोरियन सीरीज में एक्टर शुन ओगुरी और एक्ट्रेस हान ह्यो-जू ने बढ़िया काम किया है. दोनों की केमिस्ट्री बहुत प्यारी है. साथ ही वो अपनी हरकतों से आपको हंसाते भी हैं. जैसे सोसुके का हाना को बारिश में छाता ऑफर करना और फिर वापस आकर उसे छीनकर ले जाना, क्योंकि उसे गीले होने से परेशानी है. दोनों के बीच चीजें रोमांटिक होने के तुरंत बाद फनी हो जाती हैं. दोनों का प्यार धीरे-धीरे आगे बढ़ता है. कभी-कभी आप चाहते हो कि दोनों खुलकर बात ही कर लें, मगर जल्दबाजी में हुआ प्यार, प्यार थोड़े ही न होता है. इस सीरीज में कई बढ़िया पल हैं, जिन्हें देखते हुए आपके मन में भी चॉकलेट के लड्डू फूटते हैं. साथ ही आपको बहुत ही टेस्टी चॉकलेट और उसमें डालने वाले इंग्रीडिएंट्स के बारे में भी जानने को मिलता है.

इस चॉकलेटी रोमांटिक-कॉमेडी शो को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं. ये 2010 में आई फ्रेंच-बेल्जियन फिल्म 'रोमांटिक एनोनिमस' (फ्रेंच में Les Émotifs anonymes) का जापानी रीमेक है. इस सीरीज को IMDb पर 10 में से 7.8 रेटिंग मिली है. सीरीज में जापानी के जाने माने एक्टर्स यूरी नाकामुरा, रयो नरिता, Jin Akanishi, Ayumi Ito समेत अन्य ने काम किया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement