नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. देश के सबसे यंग प्रधानमंत्री बने बालेन शाह इन दिनों सिर्फ अपने फैसलों की वजह से ही नहीं, बल्कि अपने म्यूजिक टैलेंट को लेकर भी सुर्खियों में हैं. उनका नया गाना ‘जय महाकाली’ सोशल मीडिया और यूट्यूब पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है.
26 मार्च 2026 को रिलीज हुआ ये गाना कुछ ही दिनों में वायरल हो गया. अब तक इसे 50 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और खास बात ये है कि इस गाने को एक भी डिसलाइक नहीं मिला है. वहीं, लाखों लोगों ने इसे लाइक कर अपनी पसंद जाहिर की है.
‘जय महाकाली’ में दिखा बालेन शाह का स्वैग
‘जय महाकाली’ सिर्फ एक गाना नहीं बल्कि एक विजुअल एक्सपीरियंस भी है. इसमें बालेन शाह नेपाल के लोगों के बीच जाते, उनसे मिलते-जुलते और उन्हें संबोधित करते नजर आते हैं. उनका देसी अंदाज- हाथ जोड़कर अभिवादन करना और बड़ों से आशीर्वाद लेना- लोगों को खूब पसंद आ रहा है.
इस गाने को बालेन शाह ने स्वपनिल, क्रोनिक बीट्स और फोसील के साथ मिलकर तैयार किया है. म्यूजिक, लिरिक्स और प्रेजेंटेशन- तीनों ही लेवल पर गाना दमदार साबित हो रहा है.
रैपर से प्रधानमंत्री बनने तक का सफर
बालेन शाह राजनीति में आने से पहले नेपाल के फेमस रैपर्स में गिने जाते थे. उनके कई गाने पहले भी युवाओं के बीच काफी पॉपुलर रहे हैं, जिनमें सामाजिक मुद्दों और सिस्टम पर तीखा कटाक्ष देखने को मिलता है. बालेन के गानों में जय महाकाली समेत बलिदान, लोकल थीटो, मार्फा को मदिरा, सैवेज, सड़क बलक भी शामिल हैं.
उनकी पहचान एक ऐसे कलाकार की रही है, जो अपने म्यूजिक के जरिए सिस्टम को सवालों के कटघरे में खड़ा करता रहा है. यही बेबाक अंदाज अब उनकी राजनीति में भी दिख रहा है.
पीएम बनते ही बड़े फैसले
27 मार्च 2026 को रामनवमी के दिन प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद बालेन शाह ने कई बड़े और सख्त फैसले लिए हैं. जैसे-
-‘Gen-Z’ आंदोलन में मारे गए 27 छात्रों के परिवारों को सरकारी नौकरी देने का ऐलान
-छात्र राजनीति पर पूरी तरह बैन
-कक्षा 5 तक परीक्षाओं को खत्म करने का फैसला
-स्कूलों के विदेशी नामों पर सख्ती
-100 दिनों का एक्शन प्लान- नेताओं और कर्मचारियों की संपत्ति की जांच
-मंत्रालयों की संख्या घटाने की योजना
इतना ही नहीं, पद संभालते ही पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की गिरफ्तारी भी चर्चा में रही.
पर्सनल लाइफ की झलक
बालेन शाह अपनी पर्सनल लाइफ को काफी प्राइवेट रखते हैं. वो पेशे से इंजीनियर भी हैं और अपने काम के साथ-साथ म्यूजिक को पैशन के तौर पर आगे बढ़ाते रहे हैं. उनकी इमेज एक पढ़े-लिखे, प्रोग्रेसिव और ग्राउंड से जुड़े नेता की है, जो सीधे जनता से बात करना पसंद करते हैं.
रैपर से प्रधानमंत्री बने बालेन शाह आज युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुके हैं. ‘जय महाकाली’ गाने की सफलता और उनके राजनीतिक फैसले इस बात का संकेत हैं कि वो सिर्फ नेता ही नहीं, बल्कि एक मजबूत जन-आवाज भी हैं.
नेपाल में बदलाव की इस नई कहानी में बालेन शाह का नाम अब इतिहास में दर्ज हो चुका है.