साउथ के सुपरस्टार विजय ने मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने का अपना मिशन धमाकेदार तरीके से पूरा कर लिया है. मगर पॉलिटिक्स में एंट्री से पहले उनकी आखिरी फिल्म होने वाली जन नायगन (हिंदी टाइटल- जन नेता) अभी तक थिएटर्स में नहीं पहुंच पाई है. 9 जनवरी को रिलीज के लिए शेड्यूल जन नायगन, दो दिन पहले सेंसर बोर्ड की टेबल पर अटक गई.
कंट्रोवर्सी और कोर्ट केस के बाद फिल्म अटकती चली गई और तबतक तमिलनाडु में चुनाव आ गए. विजय अब चुनाव जीतकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री भी बन चुके हैं. उनकी इस जीत को सेलिब्रेट कर रहे फैन्स को उम्मीद है कि अब तो फिल्म रिलीज हो ही जाएगी. मगर अब फैन्स, जन नायगन के मेकर्स से एक नई डिमांड करने लगे हैं, जिसके पूरा होने का भी पूरा चांस है.
जन नायगन में नए टाइटल कार्ड की डिमांड
साउथ में स्टार्स को लेकर जनता का क्रेज आप जानते ही हैं. इसलिए फिल्में शुरू होने पर, टाइटल कार्ड में स्टार्स का नाम उनके फैन टाइटल के साथ अलग से हाईलाइट करने का ट्रेंड भी वहीं से निकला है. जैसे— सुपरस्टार रजनीकांत इन जेलर, या सुपरस्टार शाहरुख खान इन जवान.
जन नायगन चूंकि चुनाव से पहले आने वाली थी, इसलिए उसके टाइटल कार्ड में थलपति विजय का ही नाम होना था, उनकी बाकी फिल्मों की तरह. लेकिन अब फैन्स चाहते हैं कि फिल्म लेट हो ही गई है, तो क्यों न टाइटल कार्ड में 'मुख्यमंत्री विजय' कर दिया जाए. विजय ने हाल ही में जब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो कहीं 'मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय' का एक फेक टाइटल कार्ड शेयर हो गया. फैन्स ने हाथोंहाथ इसे वायरल कर दिया और डिमांड कर दी कि अब उन्हें जन नायगन में भी यही चाहिए.
प्रोड्यूसर ने कहा- पूरी होगी फैन्स की डिमांड
विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब जन नायगन के प्रोड्यूसर वेंकट के नारायण से पूछताछ शुरू हो गई है कि फिल्म कबतक रिलीज होगी. इंडिया टुडे के साथ एक बातचीत में वेंकट ने उम्मीद जताई है कि अब तो सेंसर बोर्ड जन नायगन को सर्टिफिकेट दे ही देगा. एक अन्य इंटरव्यू में वेंकट ने कहा कि वो अब जन नायगन में वही टाइटल कार्ड रखना चाहते हैं, जिसकी डिमांड फैन्स कर रहे हैं— 'मुख्यमंत्री विजय इन एंड एज जन नायगन' (CM Vijay In and As Jana Nayagan).
वेंकट की इस बात के बाद यकीनन फैन्स का जन नायगन के लिए इंतजार और तगड़ा हो जाएगा. अपनी फिल्मों से सोशल और पॉलिटिकल बदलावों का मैसेज देने वाले एक्टर का मुख्यमंत्री बन जाना, तमिलनाडु की राजनीति में लंबे समय बाद हुआ है. विजय भले मुख्यमंत्री बनकर ऑफिस संभाल चुके हों, लेकिन फैन्स के लिए तो सेलिब्रेशन तभी पूरा होगा जब जन नायगन थिएटर्स में पहुंचेगी.