रणवीर सिंह और फरहान अख्तर अपनी अनबन को लेकर लगातार चर्चा में हैं. एक्टर ने प्रोड्यूसर की सबसे चर्चित फिल्म 'डॉन 3' को छोड़ दिया था. पहले आईं रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रणवीर और फरहान के बीच क्रिएटिव डिफरेंस की वजह से वो फिल्म छोड़ रहे हैं. लेकिन अब एक नई रिपोर्ट में नए दावों के साथ बताया गया है कि असल में दोनों के बीच क्या हुआ था.
फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल अपनी 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी की सफलता का लुत्फ उठा रहे रणवीर सिंह 'डॉन 3' में 'स्ट्रॉन्ग लैंग्वेज' यानी गाली-गलौज का इस्तेमाल करना चाहते थे. रणवीर का मानना था कि डॉन को अपना 'डीएनए बदलना चाहिए' और मौजूदा समय के हिंसक और रफ स्टैंडर्ड को मैच करना चाहिए, क्योंकि आजकल दर्शक यही पसंद कर रहे हैं.
हालांकि फरहान अख्तर फिल्म में 'कठोर भाषा' के इस्तेमाल के पूरी तरह खिलाफ थे. उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान वाली 'डॉन' फिल्मों भी कभी गाली-गलौज पर निर्भर नहीं रहीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्ममेकर किसी भी तरह के प्रेशर टैक्टिक्स के आगे झुकने को तैयार नहीं थे. एक सूत्र ने पब्लिकेशन को बताया, 'फरहान बिल्कुल वही फिल्म बनाना चाहते थे, जो उन्होंने शुरू से सोची थी.'
रणवीर-फरहान के बीच हुआ विवाद
आखिरकार, रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' छोड़ने का फैसला कर लिया. रणवीर सिंह ने साल 2025 में 'डॉन 3' से बाहर निकलने का फैसला किया था. स्क्रिप्ट पर असहमति और देरी की रिपोर्ट्स के बीच यह विवाद पब्लिक हो गया. पहले यह भी बताया गया था कि एक्सेल एंटरटेनमेंट रणवीर सिंह से 40 करोड़ रुपये का मुआवजा मांग रहा है. इसमें प्री-प्रोडक्शन का खर्च, शेड्यूल में हुए बदलाव और उससे जुड़ा नुकसान शामिल था. प्रोडक्शन हाउस का कहना था कि रणवीर की मंजूरी से फिल्म का काफी ग्राउंडवर्क पूरा कर लिया गया था. रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह ने इस धनराशि का कुछ हिस्सा लौटाने पर भी सहमति जताई है.
हाल ही में फरहान अख्तर ने भी इस विवाद पर खुलकर बात की. उन्होंने हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को बताया, 'मैंने जो सीखा है वो ये है कि अनएक्सपेक्टेड की उम्मीद करनी चाहिए. जब तक फिल्म में चीजें पूरी तरह से कैद न हो जाएं, तब तक कुछ भी मानकर नहीं चलना चाहिए.' उन्होंने आगे कहा कि फिल्मों में उनका सफर अब तक शानदार रहा है और उन्हें पता है कि चुनौतीपूर्ण दौर आते रहते हैं. वो इन्हें अपने कदमों में शामिल करके आगे बढ़ना पसंद करते हैं.